16HREG138 छत्रपति शिवाजी जी से प्रेरणा लेने की जरूरत: डा. आशीष गौतम
लखनऊ,16 सितम्बर (हि.स.)। दिव्य प्रेम सेवा मिशन के अध्यक्ष डाॅ. आशीष गौतम ने कहा कि युद्धनीति से लेकर राज्य व्यवस्था के लिए छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन से प्रेरणा लेने की जरूरत है। शिवाजी ने अटक से कटक तक हिन्दवी स्वराज्य का भगवा परचम लहराया। आशीष गौतम ने बताया कि शिवाजी के जीवन चरित्र से विशेषकर युवा पीढ़ी परिचित हो, इस उद्देश्य से लखनऊ में जाणता राजा का आयोजन किया जा रहा है।
आशीष गौतम शनिवार को मालवीय नगर स्थित ममता चैरिटेबल ट्रस्ट के कार्यालय पहुंचे। वहां पहुंचने पर भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजीव मिश्रा के नेतृत्व में आशीष गौतम का भव्य अभिनंदन किया गया। ममता चैरिटेबल ट्रस्ट की टीम ने लगभग एक किलोमीटर की परिधि में स्वागत पंक्ति में खड़े होकर पुष्पवर्षा कर करतल ध्वनि से अतिथि का अभिनंदन किया।
श्री गौतम ने राजीव मिश्रा द्वारा ममता चैरिटेबल ट्रस्ट के सेवा सहायता एवं समर्पण के महा अभियानों की मुक्त कंठ से भूरि-भूरि सराहना की। इस अवसर पर ममता चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारियों,कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों से परिचय सत्र के साथ आतिथ्य उद्बोधन भी हुआ।
आशीष गौतम ने ममता ट्रस्ट के कार्यकर्ताओं को ज्यादा से ज्यादा संख्या में महानाट्य देखने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य युवा पीढ़ी को दिव्य प्रेम सेवा मिशन के सेवा कार्यों से समाज को संवेदन शील करना एवं समाज को जोड़ना है। ममता चैरिटेबल ट्रस्ट के मुखिया राजीव मिश्रा ने दिव्य प्रेम सेवा मिशन के प्रयासों की सराहना करते हुए यथा संभव सहयोग का आश्वासन दिया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किसान मोर्चा कामेश्वर सिंह ने ट्रस्ट द्वारा कोरोना काल में किये गये सेवा कार्यों की प्रशंसा की।
इस मौके पर शहर के पार्षद,भाजपा के कार्यकर्ता,विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि,ट्रस्ट के पदाधिकारी,कार्यकर्ता,स्वयसेवक तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।