फर्रूखाबाद, 06 अक्तूबर। (हि .स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रूखाबाद में मंगलवार काे जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर की अध्यक्षता में 69वीं जनपदीय माध्यमिक विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2026 का उद्घाटन पुलिस लाइन ग्राउंड, फतेहगढ़ में किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का आह्वान किया एवं ध्वजारोहण व बैलून छोड़कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करें तथा खेल भावना एवं अनुशासन का पालन करते हुए प्रतियोगिता में प्रतिभाग करें। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं द्वारा मार्च-पास्ट एवं अन्य कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों के लगभग 270 छात्र-छात्राओं (फतेहगढ़, फर्रुखाबाद एवं कायमगंज) ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे मंडलीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में जनपद का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त होगा।
इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी, विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, खेल प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
