नई टिहरी, 06 अक्टूबर । मुख्यमंत्री ट्रॉफी राज्य स्तरीय बेसबॉल प्रतियोगिता में टिहरी की टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया है। प्रतियोगिता के विभिन्न आयु वर्गों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल कर जनपद का नाम रोशन किया है।
जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत ने बताया कि बेसबॉल प्रतियोगिता में अंडर-19 बालक वर्ग में टिहरी की टीम विजेता बनी है। वहीं वहीं अंडर-14 बालक वर्ग में उपविजेता जबकि अंडर-19 बालिका वर्ग में भी टिहरी की टीम उपविजेता बनी है। शानदार प्रदर्शन पर रावत ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों सहित खेल विभाग की टीम को बधाई दी है।
उन्होंने कहा कि जनपद के खिलाड़ियों द्वारा राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन करना गौरव की बात है। ऐसे प्रयासों से अन्य युवा भी खेलों के प्रति प्रेरित होंगे। क्रीडाधिकारी के अनुसार विभाग मुनिकीरेती और नई टिहरी में लगातार खेल आयोजन कर खिलाडियों को प्रोत्साहन दे रहा है।
मुख्यमंत्री उदीयमान योजना सहित खेलो इंडिया, खेल महाकुंभ जैसी प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों के लिए प्लेटफार्म का कार्य कर रही हैं। उन्होंने जिलेभर के खिलाड़ियों से इन योजनाओं का लाभ उठाकर खेल के क्षेत्र में शानदार करियर बनाने की अपील की है। खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर डीएम नितिका खंडेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे, सीडीओ वरूणा अग्रवाल आदि ने भी बधाई देते हुए निरंतर अभ्यास करने की अपील की है।
