मुरादाबाद : विद्युत समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए अक्टूबर माह में लगेंगे कैंप

Share

मुरादाबाद, 12 अक्टूबर । विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित, प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान के उद्देश्य से अक्टूबर माह में जनपद के विभिन्न विद्युत उपकेंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। अधीक्षण अभियंता विद्युत ग्रामीण गुलशन गोयल ने बताया कि इन कैंपों के माध्यम से उपभोक्ताओं की विद्युत बिल संशोधन, नए विद्युत संयोजन, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य विद्युत संबंधी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

अधीक्षण अभियंता विद्युत ग्रामीण गुलशन गोयल ने आगे बताया कि बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी कैंप पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 2 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। कैंपों में संबंधित विद्युत उपकेंद्रों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहकर उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनेंगे तथा उनके निस्तारण के लिए आवश्यक कार्यवाही करेंगे। साथ ही, विभागीय उच्चाधिकारियों द्वारा समय-समय पर कैंपों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं एवं शिकायत निस्तारण की प्रगति का जायजा भी लिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कैंप आयोजन के लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अक्टूबर माह में 14 अक्टूबर को ताहरपुर, 17 अक्टूबर को भीतखेड़ा, 21 अक्टूबर को रतनपुर, 24 अक्टूबर को सरकड़ा खास, 28 अक्टूबर को मैनाठेर तथा 30 अक्टूबर को भैंसोड़ विद्युत उपकेंद्र पर कैंप आयोजित किए जाएंगे।

अधीक्षण अभियंता विद्युत गुलशन गोयल ने बताया कि उपभोक्ता अपनी विद्युत संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए निर्धारित तिथि एवं समय पर संबंधित विद्युत उपकेंद्र पर आयोजित कैंप में पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं तथा विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही इस सुविधा का लाभ उठाएं।