बलरामपुर, 06 अक्टूबर । ‘जल-जन सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आज मंगलवार को शंकरगढ़ में महान नदी तट और छठ घाट परिसर में विशेष स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त अभियान चलाया गया। अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने श्रमदान कर नदी तट और घाट परिसर में बिखरे प्लास्टिक, पॉलीथिन और अन्य कचरे को एकत्र कर सफाई की।
अभियान के दौरान आमजनों को नदी और अन्य जल स्रोतों में कचरा नहीं डालने तथा प्लास्टिक का उपयोग कम करने के लिए जागरूक किया गया। लोगों को जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने और जल संरक्षण में सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के समापन पर उपस्थित लोगों ने जल स्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने, प्लास्टिक मुक्त वातावरण बनाने तथा जल संरक्षण और संवर्धन का सामूहिक संकल्प लिया। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नदियां और जल स्रोत जीवन का आधार हैं, इसलिए इन्हें स्वच्छ रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता जल संसाधन संजय कुमार मिंज, जनपद पंचायत सीईओ वेदप्रकाश पाण्डेय, शंकरगढ़ सरपंच अनीता पन्ना सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
