चुटूपालू घाटी में दुर्घटना में बर्बाद हो गई 45 लाख की मछली

Share

रामगढ 06 अक्टूबर । रांची-पटना मुख्यमार्ग पर रामगढ़ के चुटूपालू घाटी में मंगलवार को एक सड़क हादसे में चालक और खलासी बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार आंध्र प्रदेश से बिहार के औरंगाबाद जा रहा मछली लदा ट्रेलर एपी 39एक्स 2789 का अचानक घाटी में ब्रेक फेल हो गया। अनियंत्रित गाड़ी सड़क से करीब 300 मीटर दूर जाकर पलट गई। इस हादसे में चालक और खलासी घायल हो गए। घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस और एनएचएआई की टीम ने घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

ट्रेलर में बड़ी मात्रा में मछली लदा था। हादसे में कई पेटियां ट्रेलर के नीचे दब गईं। औरंगाबाद के मछली व्यवसायी सुमित कुमार गुप्ता ने करीब 45 लाख रुपये के नुकसान का दावा किया है। बची हुई मछलियों को दूसरी गाड़ी में स्थानांतरित किया जा रहा है।

पुलिस की मौजूदगी में मजदूरों ने दबे कार्टून निकालने का काम शुरू किया। पलटे ट्रेलर को हटाने के लिए हाइड्रा की मदद ली गई।

चुट्टूपालू घाटी में लगातार हादसों से सड़क सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। करीब पांच दिन पहले भी एक अनियंत्रित हाइवा ने एक ट्रक, एक बस, दो कार और दो बाइक समेत छह वाहनों को टक्कर मार दी थी। स्थानीय लोगों ने भारी वाहनों की तकनीकी जांच, गति नियंत्रण और प्रभावी यातायात निगरानी की मांग की है।