एनसीसीएफ विवाद: एनपीयू ने दो पूर्व परीक्षा नियंत्रकों से मांगा जवाब

Share

(एनपीयू ) में परीक्षा संबंधी कार्यों के निष्पादन और भुगतान को लेकर सवाल खड़े होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने बुधवार को तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक से बिंदुवार लिखित स्पष्टीकरण मांगा है।

कुलसचिव की ओर से जारी पत्र में एनसीसीएफ द्वारा पूर्व में किए गए कार्यों को संतोषजनक मानकर एग्रीमेंट विस्तार की अनुशंसा किए जाने से लेकर बाद में उन्हीं कार्यों के भुगतान की प्रक्रिया तक पर स्थिति स्पष्ट करने को कहा गया है।

मामला परीक्षा कार्यों से जुड़े ऑडिट परीक्षण के दौरान उठी आपत्तियों से जुड़ा बताया गया है।

विश्वविद्यालय के पत्र के अनुसार, अभिलेखों में 25 जनवरी 2025 और 21 फरवरी 2025 को एनसीसीएफ द्वारा पूर्व में किए गए परीक्षा संबंधी कार्यों को संतोषजनक मानते हुए एग्रीमेंट के विस्तार की अनुशंसा किए जाने का उल्लेख है।

पत्र में कहा गया है कि उक्त अवधि तक एनसीसीएफ के परीक्षा संबंधी कार्यों को विभागीय स्तर पर संतोषजनक पाया गया था। इसके बाद उन्हीं कार्यों से संबंधित विपत्र विश्वविद्यालय के समक्ष प्रस्तुत किए गए और निर्धारित वित्तीय प्रक्रिया के तहत भुगतान की कार्रवाई की गई।

इसी दौरान कार्यों के संबंध में आपत्तियां और अनियमितताओं के संकेत सामने आने की बात पत्र में कही गई है।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने पूछा है कि यदि 25 जनवरी और 21 फरवरी 2025 को एनसीसीएफ के पूर्व कार्य संतोषजनक पाए गए थे और उसी आधार पर एग्रीमेंट विस्तार की अनुशंसा की गई, तो बाद में उन्हीं कार्यों के निष्पादन अथवा भुगतान पर आपत्ति का आधार क्या था।

साथ ही यह भी स्पष्ट करने को कहा गया है कि यदि 13 बिंदुओं में केवल कुलसचिव कार्यालय को सूचित करने या अवगत कराने का उद्देश्य था, तो उन बिंदुओं के आधार पर एनसीसीएफ के कार्यों को असंतोषजनक अथवा अनियमित मानने का आधार क्या था।

एक अन्य पत्र में विश्वविद्यालय ने परीक्षा विभाग से जुड़े कंप्यूटर सेंटर के संचालन, परीक्षा डेटा के प्रबंधन और सॉफ्टवेयर संचालन को लेकर भी तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक से जवाब मांगा है।

पत्र में कहा गया है कि परीक्षा विभाग में लंबे समय से कंप्यूटर सेंटर प्रभारी के रूप में कार्यरत अधिकारी परीक्षा संबंधी कंप्यूटरीकृत कार्य, परीक्षा डेटा प्रबंधन तथा सॉफ्टवेयर संचालन से जुड़े रहे हैं।

विश्वविद्यालय ने एनसीसीएफ को निविदा प्रक्रिया के तहत परीक्षा संबंधी कार्य सौंपे जाने तथा व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की परीक्षा एवं परिणाम संबंधी कार्यों में एक अलग सॉफ्टवेयर प्रदाता का उल्लेख करते हुए व्यवस्था स्पष्ट करने को कहा है।

कुलसचिव ने यह भी पूछा है कि एनसीसीएफ को निविदा प्रक्रिया के बाद कार्यादेश किस आधार और किस सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति से दिया गया था।

एनसीसीएफ की ओर से किए गए कार्यों का दायरा क्या था और यदि कार्य निर्धारित निविदा की शर्तों से अलग था तो इसकी अनुमति किसके आदेश पर दी गई। साथ ही कंप्यूटर सेंटर प्रभारी के रूप में किस प्रकार का लिखित आदेश, अनुबंध अथवा दिशा-निर्देश जारी किया गया था, इसकी प्रति भी मांगी गई है।

विश्वविद्यालय ने एनसीसीएफ की ओर से उपलब्ध कराए जा रहे परीक्षा संबंधी डेटा को सर्वर पर सुरक्षित रखने, स्टोर करने, संरक्षित करने और संचालित करने की व्यवस्था का ब्योरा भी तलब किया है।

इसके अलावा परीक्षा संबंधी डेटा के सुरक्षित स्थानांतरण, बैकअप, सुरक्षा एवं दीर्घकालिक संरक्षण के लिए कार्यकाल में उठाए गए प्रशासनिक व तकनीकी कदमों की जानकारी और संबंधित अभिलेख भी मांगे गए हैं।