जगदलपुर में आठ और नौ अक्टूबर को राष्ट्रीय सहकारिता सम्मेलन का आयोजन

Share

रायपुर, 07 अक्टूबर । बस्तर में पहली बार राष्ट्रीय स्तर का सहकारिता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह सम्मेलन 8 और 9 अक्टूबर को जगदलपुर में होगा। इसमें देशभर से सहकारिता क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

सम्मेलन के दौरान बस्तर और छत्तीसगढ़ के स्थानीय सहकारिता मॉडलों की समीक्षा के साथ-साथ ‘सहकार से समृद्धि’ के राष्ट्रीय रोडमैप को अंतिम रूप दिया जाएगा।

छत्तीसगढ़ शासन से प्राप्त अधिकृत जानकारी के अनुसार आशीष कुमार भूतानी ,सचिव, सहकारिता विभाग, भारत सरकार इस दो दिवसीय सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे।कार्यक्रम में पंकज बंसल, अतिरिक्त सचिव और प्रबंध निदेशक, राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम सिद्धार्थ जैन, अतिरिक्त सचिव, भारत सरकार, डॉ. सी.आर. प्रसन्ना- सहकारिता सचिव, छत्तीसगढ़ शासन भी शामिल होंगे ।

सम्मेलन में 15 राज्यों के सचिव और 14 राज्यों के पंजीयक हिस्सा लेंगे। इस दौरान ‘सहकार से समृद्धि’ की कार्ययोजना पर चर्चा होगी। साथ ही एम-पैक्स, डिजिटल सहकारिता, सहकारी बैंकिंग और भंडारण से जुड़े मुद्दों पर भी मंथन किया जाएगा।

इस सम्मेलन में प्रदेश में सहकारिता के क्षेत्र में हुए काम और उपलब्धियों की जानकारी साझा करेगा। प्रदेश में अब तक 515 नए एम-पैक्स का गठन किया गया है। इसके अलावा 3.18 लाख नए किसानों के सहकारी बैंक खाते खोले गए हैं। राज्य के 2,058 एम-पैक्स में माइक्रो एटीएम की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इन माइक्रो एटीएम के जरिए अब तक 324 करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन किया जा चुका है।

दो दिवसीय सम्मेलन में किसानों को सहकारी व्यवस्था से जोड़ने, ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाएं बढ़ाने और सहकारी संस्थाओं को डिजिटल बनाने पर चर्चा होगी। अलग-अलग राज्यों के अधिकारी अपने अनुभव और योजनाओं की जानकारी भी साझा करेंगे। सम्मेलन का उद्देश्य सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करना और इसके जरिए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देना है।