प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर धामी ने काशी विश्वनाथ में की पूजा

Share

उत्तरकाशी, 07 अक्टूबर । उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को उत्तरकाशी स्थित पौराणिक श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की और उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की।

सेवा संकल्प अभियान के तहत उत्तरकाशी में विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ करने मुख्यमंत्री धामी सुबह जोशियाड़ा हेलीपैड पहुंचे। वहां गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, किशोर भट्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेन्द्र चौहान सहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे और बाबा विश्वनाथ तथा शक्ति मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घ, स्वस्थ एवं सफल सार्वजनिक जीवन के लिए बाबा विश्वनाथ से आशीर्वाद मांगा। साथ ही प्रदेश की सुख-समृद्धि, जनपद के निरंतर विकास और जनकल्याण की कामना की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और देश के विकास के प्रति समर्पण का काल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन में देश को नई दिशा और नई ऊर्जा देने का काम किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना की कि देश इसी प्रकार प्रगति के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहे।

उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की पवित्र धरती से प्रधानमंत्री के दीर्घ, स्वस्थ और सफल सार्वजनिक जीवन के लिए बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेना उनके लिए सौभाग्य का विषय है।

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री रामलीला मैदान से सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ भी करेंगे।