गाजियाबाद :- भाजपा महानगर महामंत्री राजेश त्यागी और महानगर उपाध्यक्ष अमन चौहान के बीच इन दिनों काफी अच्छी अंडरस्टैंडिंग दिखाई दे रही है। दोनों ही युवा एवं प्रतिभाशाली नेता इन दिनों पार्टी के लिए बेहद सक्रिय भूमिका में नजर आ रहे हैं। जो कि लगातार बूथ स्तर पर पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने का काम कर रहे हैं। इन दिनों भाजपा महानगर कार्यालय में कोरोना संक्रमण के चलते ताला लगा है। ऐसे में पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी नवयुग मार्केट स्थित अस्थाई कार्यालय से अपने फर्ज को अंजाम दे रहे हैं।
इस संबंध में भाजपा महानगर महामंत्री राजेश त्यागी ने बताया कि भाजपा महानगर अध्यक्ष के दिशा निर्देशन में सभी पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। जिसमें आजकल सबसे महत्वपूर्ण कार्य बूथ कमेटियों का सत्यापन करना है। इसके लिए प्रत्येक बूथ मंडल अध्यक्ष, बूथ मंडल प्रभारी और सेक्टर प्रभारी के साथ समन्वय स्थापित कर कर्मठ, समर्पित और ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को बूथ कमेटी में शामिल किया जा रहा है। श्री त्यागी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का हर कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी का बखूबी निर्वहन कर रहा है। जिसके चलते पार्टी जमीनी स्तर पर लगातार तेजी से और मजबूत हो रही है।
वही इस संबंध में भाजपा महानगर उपाध्यक्ष चमन चौहान ने कहा कि वे लगातार मंडल अध्यक्षों के संपर्क में हैं। जहां बूथ कमेटियों का गठन किया जा रहा है। ऐसे में उनका प्रयास है कि पार्टी की सेवा कर रहे सच्चे कार्यकर्ताओं को आगे आने का मौका मिले ताकि वह पार्टी के हित में अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन कर सकें। गत विधानसभा और लोकसभा चुनाव में जिन कार्यकर्ताओं ने पार्टी के लिए दिन रात काम किया है। अब उन्हें आगे आने का मौका पार्टी दे रही है। श्री चौहान ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं बल्कि पूर्ण विश्वास है कि बूथ स्तर पर बन रही कमेटियां पार्टी के लिए बेहद उपयोगी साबित होंगी।
गौरतलब है कि इन दिनों महानगर संगठन काफी एकजुट और संकल्प दिखाई दे रहा है। जहां भारतीय जनता पार्टी को स्थानीय स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने का काम बेहद गंभीरता के साथ किया जा रहा है।