पानीपत: पुलिस प्रताड़ना से तंग महिला ने की आत्महत्या, परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा

Share

पानीपत, 07 अगस्त । पानीपत के गांव बिलासपुर में शुक्रवार को एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि महिला ने पुलिस प्रताड़ना से तंग आकर जहरीला पदार्थ निगलकर जान दी है। मृतका की पहचान बबली पत्नी नरेंद्र के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार यह घटना जमीनी विवाद से जुड़े एक मामले से संबंधित बताई जा रही है। महिला की मौत के बाद समालखा स्थित सिविल अस्पताल में माहौल तनावपूर्ण बन गया।

परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए। महिला के भतीजे संदीप ने बताया कि मृतका बबली ने जहरीला पदार्थ निगलने से पहले सुसाइड नोट लिखा था और एक वीडियो भी बनाई थी। इसमें उसने थाना बापौली के कुछ पुलिसकर्मियों से परेशान थी। अपनी मौत के लिए इन पुलिसकर्मियों जिम्मेदार ठहराया है। मौत के बाद मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए समालखा स्थित सिविल अस्पताल लाया गया, जहां भारी संख्या में ग्रामीण और परिजन एकत्र हो गए । उन्होंने बापौली थाना प्रभारी व जांच अधिकारी सहित तीन लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी, जेठानी दर्शना का भी आरोप है कि पुलिस ने मृतका के इकलौते बेटे कुलदीप को एक कथित झूठे मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजने के बाद मृतका को प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों ने स्पष्ट किया कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता और उनके बेटे को जेल से रिहा नहीं किया जाता, तब तक वे पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे। हंगामा देखते हुए बापौली थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। स्थिति को संभालने के लिए समालखा थाना प्रभारी महिपाल को अस्पताल भेजा गया। थाना बापौली प्रभारी पवन ने परिजनों के सभी आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि लगभग एक माह पहले जमीन विवाद के संबंध में महिला और उसके बेटे के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज किया गया था। थाना प्रभारी ने दोहराया कि पुलिस पर लगाए जा रहे सभी आरोप बेबुनियाद हैं और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।