जींद : हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे दो कांवडिय़ों की मौत

Share

जींद, 07 अगस्त । नरवाना के दो कांवडिय़ों की हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौटने के दौरान शुक्रवार काे यमुनानगर में ट्रक द्वारा टक्कर मारे जाने से मौत हो गई। जिनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को एक ही शमशान घाट में गमहीन माहौल में किया गया।

नरवाना के मोरपत्ति मोहल्ला वासी 21 वर्षीय सचिन मोर, 18 वर्षीय अजय, विक्रम मोर व गांव लौन वासी आशु नैन झूला कांवड़ लेकर हरिद्वार से पैदल आ रहे थे। यमुनानगर में गुरूवार देर रात सचिन, अजय जो एक साथ थे, तो विक्रम मोर व आशु नैन उनसे कुछ दूरी पर थे। सचिन व अजय एक साथ झूला कावड़ लेकर आ रहे थे, पीछे से आए ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है।

हादसे से हर कोई हैरान था। परिजनों को ढांढास बंधाने के लिए काफी संख्या में लोग मृतकों के घर पहुंच गए। नरवाना के मोरपत्ति मोहल्ला से चार-पांच अलग-अलग कावड़ गई हुई थी। सचिन, अजय उर्फ काला, विक्रम व आशु नैन झूला कावड़ लेने गए थे। सचिन की शादी पांच अप्रैल को हुई थी तो वो शादी होने के बाद पहली बार कावड़ लेने गया था। वहीं अजय उर्फ काला दूसरी बार कावड़ लेेने गया था। अजय का भाई सचिन भी दूसरों के साथ कावड़ लेने के लिए गया हुआ था। सचिन हिसार रोड पर स्पेयर पार्टस की दुकान करता था तो अजय उर्फ काला 11वीं कक्षा में होने के साथ किसी दुकान पर काम करता था। सचिन व अजय उर्फ काला की मौत होने की सूचना मिलने पर मोरपत्ति मोहल्ला से गए दूसरे कावडि़ए भी वापिस लौट आए।