चीन की ओर से 6.5 लाख कोविड-19 जांच किट भारत रवाना

Share

नई दिल्ली :- भारत को चीन की ओर से 6.5 लाख कोविड-19 जांच किट भेजी गई है, जो जल्द ही भारत पहुंच जाएंगी।चीन में भारत के राजदूत विक्रम मिस्त्री ने ट्विटर के माध्यम से इसकी जानकारी देते हुए बताया कि कुल 6.5 लाख किट भेजी गई है, जो त्वरित एंटीबॉडी जांच और आरएनए को अलग करने से जुड़ी हैं। इन्हें आज सुबह ग्वांगझू एयरपोर्ट से इंडिया के लिए रवाना किया गया है।

विदेश मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार ग्वांगझू स्थित भारतीय वाणिज्यिक दूतावास ने इस कार्य में अहम भूमिका निभाई है। चीन से भेजे गए जांच संबंधी सामान में 5.5 लाख त्वरित एंटीबॉडी जांच किट हैं। इनमें से 3 लाख गुआंगझू वोंडफो से और 2.5 लाख झुहाई लिवज़ोन से हैं और एक लाख आरएनए एक्सट्रैक्शन किट एमगिआई शेन्ज़ेन से कल देर रात क्लीयर किए गए। सभी समान आज सुबह भारत के लिए रवाना हो गए। 

उल्लेखनीय है कि पांच अप्रैल तक भारत में चीन से करीब 1.70 लाख पीपीई किट की सप्लाई आई थी, जिसमें से 50,000 किट क्वॉलिटी टेस्ट में खरे नहीं उतरे। 30,000 और 10,000 पीपीई किट के दो छोटे कंसाइनमेंट्स भी टेस्ट में पास नहीं हो पाए।’ इन उपकरणों की जांच डिफेंस रिसर्च ऐंड डिवेलपमेंट ऑर्गनाइजेशन (डीआरडीओ) की ग्वालियर स्थित लैबोरेटरी में हुई थी।

भारत में अधिकतर किट चीन, जापान और दक्षिण कोरिया से आते हैं। हालांकि जापान और कोरिया के किट्स काफी महंगे हैं। दुनियाभर में तेजी से फैलते कोरोना वायरस के चलते यूरोप और अमेरिका ने अब इन किट्स का निर्यात बंद कर दिया है।