मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव भगवान महाकाल की शयन आरती में हुए शामिल

Share

भोपाल, 07 अगस्त । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार की रात उज्जैन प्रवास के दौरान श्रावण के पवित्र माह में श्री महाकालेश्‍वर मंदिर के गर्भगृह में पहुंचकर भगवान श्री महाकाल और श्री नंदी का पूजन अर्चन किया। इसके पश्‍चात उन्‍होंने भगवान श्री महाकालेश्‍वर की शयन आरती में सम्मिलित होकर भगवान की भक्ति में लीन होकर झांझ बजाई।

मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने मंदिर में आए श्रद्धालुओं से बातचीत की और मंदिर की दर्शन व्‍यवस्‍था के बारे में जानकारी प्राप्‍त की। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्‍यक्ष व उज्जैन कलेक्‍टर रौशन कुमार‍ सिंह और समिति के प्रशासक प्रथम कौशिक द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. यादव को भगवान श्री महाकालेश्‍वर का दुपट्टा ओढ़ाकर स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्‍मान किया गया। इस दौरान उज्‍जैन विकास प्राधिकरण के अध्‍यक्ष रवि सोलंकी, उपाध्‍यक्ष मुकेश यादव, संजय अग्रवाल, संभागायुक्‍त आशीष सिंह, नगर निगम आयुक्‍त अभिलाष मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांस कूमट एवं अन्‍य अधिकारीगण उपस्थित थे।