बुलंदशहर में सड़क किनारे सो रहे 3 बच्चों सहित 7 लोगों को बस ने कुचला, सभी की हुई मौत

Share

बुलंदशहर। शुक्रवार तड़के बुलंदशहर में भीषण सड़क हादसा हो गया। नरौरा के गांधी गंगा घाट के समीप सड़क किनारे सो रहे श्रद्धालुओं को बस ने कुचल दिया है। हादसे में तीन मासूम बच्चियों समेत सात लोगों की घटनास्थाल पर ही मौत हो गई है। मृतकों में तीन मासूम के साथ चार महिलाएं भी हैं। घटना के लिए दोषी बस चालक फरार हो गया है। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुलंदशहर में सड़क दुर्घटना में सात लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है।उन्होंने ईश्वर से दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिवारीजन के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की हैं। मृतक आश्रितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये देने की घोषणा भी की गई है।

हाथरस जिले के थाना चंदपा क्षेत्र निवासी एक परिवार कुछ ग्रामीणों और रिश्तेदारों के साथ बस से तीर्थयात्रा पर निकला था। वैष्णो देवी से दर्शन कर लौट रहे सभी यात्री शुक्रवार तड़के नरौरा के गांधी गंगा घाट पर पहुंचे थे। वहीं पर यात्री बस से उतर कर सड़क किनारे पर सो गए। लगभग चार बजे तीर्थ यात्रियों से भरी एक दूसरी बस ने सड़क किनारे सो रहे यात्रियों को कुचल दिया, जिसमें तीन मासूम बच्चियों और चार महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित बस चालक मौके से फरार हो गया।

अचानक हुई घटना से चीख पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बस को अपने कब्जे में ले लिया। घटना की जानकारी मिलने पर रामघाट व डिबाई पुलिस के साथ सीओ डिबाई विक्रम सिंह व एसडीएम डिबाई संजय कुमार मौके पर पहुंच गए। इस दौरान लोगों ने हंगामा भी किया। पुलिस ने लोगों को समझाकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।