पंजाब:26 दिन बाद एंटी ड्रग एक्टिविस्ट झोटा का अंतिम संस्कार

Share

चंडीगढ़, 08 नवंबर । पंजाब के मानसा में हत्या का शिकार हुए एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर झोटा का रविवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। दीपावली व बंदी छोड़ दिवस के बावजूद झोटा के अंतिम संस्कार में भारी भीड़ उमड़ी। जिला प्रशासन की तरफ से पुलिस बल को तैनात किया गया। परविंदर सिंह झोटा के बड़े बेटे और पिता ने उनके शरीर को मुखाग्नि दी। इसके लिए उनकी पार्थिव देह को चकेरियां रोड स्थित उनके खेत में लाया गया था।

13 अक्टूबर को नशा बेचने का विरोध करने पर केमिस्ट ने गोलियां मारकर झोटा की हत्या की थी। करीब 26 दिन बाद उनका अंतिम संस्कार हुआ है। झोटा के पिता भीम सिंह 2 दिन से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उन्होंने मांग की कि पंजाब सरकार बेटे के अंतिम संस्कार से पहले मानसा के एसएसपी वैभव चौधरी का तबादला करे। उनका आरोप है कि चौधरी के नशा न रोकने की वजह से ही झोटा की हत्या हुई। एसएसपी का ट्रांसफर होने तक वह अन्न का एक दाना भी नहीं खाएंगे। रविवार को बेटे की अंतिम रस्मों के दौरान उनकी तबियत बिगड़ गई।

शनिवार को चंडीगढ़ स्थित पीजीआई में पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आज सुबह 5 बजे झोटा का शव परिजन को सौंपा गया था। चंडीगढ़ से मानसा पहुंचने तक पार्थिव देह को जगह-जगह लोगों ने अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दी और फूल बरसाए। झोटा की पार्थिव देह को उनके चकेरियां रोड स्थित खेत में लाया गया है। यहां पर परिवार ने अंतिम रस्में निभाई।