फतेहाबाद : शादी से मना करने पर युवती को मारी गोली, तीन के खिलाफ केस दर्ज
फतेहाबाद, 28 अक्टूबर (हि.स.)। शादी से मना करने पर एक युवती को युवक द्वारा गोली मारने का समाचार है। गोली लगने से घायल युवती को उपचार के लिए हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस मामले में सदर फतेहाबाद पुलिस ने सोमवार को तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में हिसार जिले के गांव असरावां निवासी सुरेन्द्र कुमार ने कहा है कि उसकी 24 साल की लडक़ी प्रिया हिसार में सीए की पढ़ाई कर रही है।
गत दिवस उन्हें बड़ोपल पुलिस चौकी से फोन आया। जब वह चौकी में गया तो उसे पता चला कि उसकी लडक़ी को गोली लगी है और वह हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती है। जब वह हिसार अस्पताल में पहुंचा तो वहां गांव के ही शेर सिंह का दोहता मनोज निवासी गांव नागपुर खड़ा था जोकि उन्हें देखकर वहां से खिसक गया। इसके बाद जब उसकी लडक़ी होश में आई तो उसने बताया कि 23 अक्टूबर को मनोह उसकी रूममेट नैन्सी का मौसी का लडक़ा है। वह उनके कमरे में आया और कहा कि उसके दोस्त का जन्मदिन है और उन्हें पार्टी करनी है।
थोड़ी देर में उसके गांव का अमित गाड़ी लेकर आया जिसके साथ गांव जगान निवासी रेनु भी थी। इसके बाद वह चारों फतेहाबाद चले गए। फतेहाबाद से वापस आते समय उन्होंने बड़ोपल के पास होटल पर खाना खाया। जैसे ही वह होटल से निकले तो मनोज उस पर शादी करने का दबाव डालने लगा लेकिन उसने मना कर दिया। इस बात से गुस्साएं मनोज ने नाजायज पिस्तौल से उस पर गोली चला दी, जिससे वह बेहोश हो गया। सुरेन्द्र ने कहा कि उसकी लडक़ी के शादी से मना करने पर मनोज ने अपने साथियों सहित षडयंत्र रचकर उसे जान से मारने की नीयत से गोली मारी है। इस मामले में पुलिस ने मनोज, अमित व रेनु तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।