शिमला, 07 अक्टूबर । शिमला के मंदिर लगातार चोरों के निशाने पर नजर आ रहे हैं। रोहड़ू के देवता महासू मंदिर में चोरी के कुछ ही दिन बाद अब शीतला माता मंदिर में सेंध लगने का मामला सामने आया है। चोर रात के अंधेरे में मंदिर में दाखिल हुए और सिंहासन, आभूषण, सजावटी सामान और नकदी लेकर फरार हो गए। ताजा मामला शिमला जिले के ठियोग उपमण्डल के कराणा गांव का है।
पुलिस के अनुसार कराणा स्थित शीतला माता मंदिर में 5 और 6 अक्टूबर की मध्यरात्रि चोरी हुई। कराणा निवासी तारादत्त शर्मा पुत्र कृष्ण दत्त की शिकायत पर ठियोग पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार अज्ञात व्यक्ति मंदिर में दाखिल हुआ और वहां रखा मंदिर का सिंहासन, आभूषण व सजावटी सामान तथा नकदी चोरी कर ले गया। चोरी हुए सामान की कीमत का आंकलन किया जा रहा है।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता यानी बीएनएस की धारा 305 और 331(4) के तहत ठियोग पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया है। एक पुलिस अधिकारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बुधवार को बताया कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस चोरी से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल से मिले सुरागों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। चोरी हुए सामान और नकदी की कुल कीमत का आकलन भी जांच के दौरान किया जाएगा। फिलहाल आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है।
एक महीने रोहडू के महासू मंदिर में भी चांदी की वस्तुएं और नकदी चोरी हुई थी
इससे पहले शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र में देवता महासू मंदिर में चोरी का मामला सामने आया था। 2 और 3 अक्टूबर की मध्यरात्रि चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। शिकायत के अनुसार मंदिर से करीब दो किलोग्राम वजन की चांदी की दो सिल्लियां, करीब 500 ग्राम की चांदी की छत्र, करीब 500 ग्राम का चांदी का शिवलिंग और करीब नौ हजार रुपये की नकदी चोरी हुई थी। पुलिस ने चोरी हुई चांदी की वस्तुओं की कीमत करीब सात लाख रुपये बताई थी।
