सूरजपुर, 16 सितंबर । महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भैयाथान क्षेत्र में 34 करोड़ 15 लाख रुपये से अधिक की लागत वाले दो सड़क निर्माण एवं उन्नयन कार्यों का कार्यप्रारंभ पूजन किया। इन परियोजनाओं के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ लोगों की शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच बेहतर होने की उम्मीद है।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि सड़कें विकास की जीवनरेखा हैं। बेहतर सड़क नेटवर्क से गांवों की कनेक्टिविटी बढ़ती है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि इन सड़क परियोजनाओं का लाभ किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को मिलेगा।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि मजबूत और टिकाऊ अधोसंरचना से ही विकास कार्यों का स्थायी लाभ लोगों तक पहुंच सकता है।
राष्ट्रीय राजमार्ग-43 से केंवरा तक 18 किलोमीटर सड़क का होगा चौड़ीकरण
डुमरिया राष्ट्रीय राजमार्ग-43 से केंवरा मार्ग के चौड़ीकरण एवं उन्नयन कार्य की लागत करीब 30.41 करोड़ रुपये है। इस परियोजना के तहत 18 किलोमीटर लंबे मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा। इसमें बिटुमिनस कंक्रीट एवं शोल्डर कार्य के साथ 6,570 मीटर नाली, 300 मीटर टो-वॉल, 140 मीटर रिटेनिंग वॉल, 8 एचपीसी और 7 स्लैब पुलियों का निर्माण किया जाएगा। सड़क के उन्नयन से राष्ट्रीय राजमार्ग-43 से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
दर्रीपारा-दनौली मार्ग से झम्मनपारा को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी
झम्मनपारा में दर्रीपारा से दनौली तक 3.20 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य का भी कार्यप्रारंभ पूजन किया गया। इस कार्य के लिए 374.76 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। परियोजना के तहत 3.20 किलोमीटर सड़क, 0.90 किलोमीटर सीसी रोड, 1,200 मीटर नाली, 90 मीटर रिटेनिंग वॉल और 6 एचपीसी पुलियों का निर्माण किया जाएगा। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।
सेवा संकल्प अभियान में सहभागिता की अपील
कार्यक्रम के दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने क्षेत्रवासियों से सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय रूप से जुड़ने की अपील की। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले अभियान का उद्देश्य सेवा, जनभागीदारी और जनकल्याण की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों से अभियान में सहभागिता करने का आह्वान किया।