हरिद्वार, 16 सितंबर । पतंजलि स्थित आचार्यकुलम में दो दिवसीय द्वितीय भारतीय शिक्षा बोर्ड खेलों का मंगलवार देर शाम समापन हुआ। खेल 14 व 15 सितंबर तक आयोजित किए गए थे।
पतंजलि मीडिया सेंटर द्वारा बुधवार देर शाम जारी विज्ञप्ति के अनुसार स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण द्वारा स्थापित आवासीय संस्थान आचार्यकुलम में आयोजित इन खेलों में अंडर-14, 17 और 19 आयु वर्ग के 35 विद्यालयों की 175 टीमों के 950 खिलाड़ियों ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने कबड्डी, बैडमिंटन, फुटबॉल, बास्केटबॉल और कुश्ती में दमखम दिखाया।
प्रतियोगिता में सभी विद्यालयों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन आचार्यकुलम का रहा। बालक वर्ग में आचार्यकुलम ने कबड्डी अंडर-19, बैडमिंटन अंडर-14, 17, 19 एकल-युगल, बास्केटबॉल अंडर-19, फुटबॉल अंडर-14, 17, 19 में प्रथम स्थान और कबड्डी अंडर-14, 17 तथा बास्केटबॉल अंडर-14, 17 में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
बालिका वर्ग में कबड्डी अंडर-17, 19, बैडमिंटन अंडर-14, 19 एकल-युगल और बास्केटबॉल अंडर-17 में प्रथम तथा बैडमिंटन अंडर-17 एकल-युगल में द्वितीय स्थान हासिल किया।
समापन समारोह में स्वामी रामदेव ने विजेताओं को पुरस्कृत किया और सभी खिलाड़ियों की खेल भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि आचार्यकुलम विश्व का विशिष्ट शिक्षण संस्थान है, जहां विद्यार्थियों में खेलों के प्रति नैसर्गिक कौशल है। आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि भारतीय शिक्षा बोर्ड खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों का भविष्य संवारने के लिए कृत संकल्पित है।
इस अवसर पर उपाध्यक्षा ऋतंभरा शास्त्री, प्राचार्या स्वाति मुंशी, उप प्राचार्य तापस कुमार बेरा, समन्वयिका दीपा, क्रीड़ाध्यक्ष अमित दानी सहित कई खेल अधिकारी, निर्णायक और प्रशिक्षक मौजूद रहे।