नई दिल्ली, 04 नवंबर । भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के पांचवें संस्करण का शेड्यूल जारी कर दिया है। यह संस्करण 14 जनवरी से 7 फरवरी, 2027 तक खेला जाएगा। टूर्नामेंट वडोदरा और मुंबई में आयोजित होगा, जिसमें प्रत्येक स्थान पर 11 मैच खेले जाएंगे।
डब्ल्यूपीएल के अनुसार नए सीजन की शुरूआत 14 जनवरी, 2027 को वडोदरा में होगी। पहले मैच में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का मुकाबला पूर्व चैंपियन मुंबई इंडियंस (एमआई) से होगा। वडोदरा में 11 मैच खेले जाएंगे, जहां पांचों टीमें खिताब जीतने की दौड़ में अपने अभियान की शुरुआत करेंगी। इसके बाद मुकाबले मुंबई में होंगे, जहां क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया के ब्रेबोर्न स्टेडियम में 26 जनवरी से बाकी 11 मैच खेले जाएंगे। लीग चरण 3 फरवरी तक चलेगा, जिससे यह तय होगा कि प्लेऑफ में कौन सी टीमें पहुंचेंगी।
खिताब की दौड़ पांच फरवरी को ‘एलिमिनेटर मुकाबले’ के साथ और रोमांचक हो जाएगी। इसमें पॉइंट्स टेबल पर दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमें फाइनल में जगह बनाने के लिए भिड़ेंगी। लीग चरण में टॉप पर रहने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी, जो 7 फरवरी को ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला जाएगा। सभी 22 मैच (प्लेऑफ सहित) शाम 7:30 बजे शुरू होंगे। इस तरह दो अलग-अलग जगहों पर पांच टीमों के बीच होने वाले पांचवें संस्करण में प्रतिष्ठित खिताब के लिए एक और रोमांचक रेस देखने को मिलेगी।
घोषित कार्यक्रम के अनुसार 14 जनवरी को पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच होगा। इसके बाद 15 जनवरी को गुजरात जायंट्स और यूपी वॉरियर्स, 16 जनवरी को दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, 17 जनवरी को यूपी वॉरियर्स का सामना मुंबई इंडियंस से तथा 18 जनवरी को गुजरात जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबला होगा।
