रायपुर, 16 सितंबर । छत्तीसगढ़ में पीएम आवास के मुद्दे को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के बीच सीधी और तीखी बहस में उनके अपने-अपने दावों से राजनीति पारा चढ़ गया है। मंत्री रामविचार नेताम ने आज बुधवार काे कांग्रेस पर निशाना साधा है।
मंत्री रामविचार नेताम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में पीएम आवास का काम रोककर रखा था। सभी को मालूम है कि कांग्रेस सरकार में गरीबों के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनावी घोषणा पत्र में गरीबों से पक्के आवास का वादा किया था, जिसे सरकार में आने के बाद पूरा भी किया गया। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने भी घोषणा की थी कि छत्तीसगढ़ में जहां आवास की जरूरत होगी वहां उपलब्ध कराया जाएगा।
वहीं एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) को सेवा संकल्प अभियान के जरिए भाजपा भव्य आयोजन करने जा रही है। वहीं दूसरे तरफ कांग्रेस ने महंगाई दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की है। मंत्री नेताम पर कांग्रेस पर हमला करतेे हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नाम से कांग्रेस काे पसीना आ जाता है।
उन्होंने बताया कि देशभर में प्रधानमंत्री मोदी के सेवा सुशासन का 25 वर्ष पूरा होने जा रहा है। पीएम मोदी के जन्मदिन को उत्साह के साथ विभिन्न कार्यक्रम करते हुए मनाया जाएगा। वह भी आशीर्वाद का दिया जलाकर दीर्घायु की कामना करेंगे। पीएम मोदी ने देश के लिए जो किया वो सभी के लिए प्रेरणादायक है।