नई दिल्ली, 16 सितंबर । कोयला मंत्रालय गुरुवार, 17 सितंबर, 2026 को नई दिल्ली में वाणिज्यिक कोयला खदान नीलामी के 16वें दौर की शुरुआत करेगा। इस अवसर पर केंद्रीय कोयला और खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
कोयला मंत्रालय ने बुधवार को जारी एक बयान में बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 2020 में वाणिज्यिक कोयला खनन शुरू किया गया था। पिछले छह साल में वाणिज्यिक कोयला खदान नीलामी के 15 पूरे किए गए दौरों में 147 कोयला खदानों की सफलतापूर्वक नीलामी की गई है, जिससे इस क्षेत्र में 44 नई कंपनियां आई हैं।
मंत्रालय ने कहा कि नीलाम की गई वाणिज्यिक कोयला खदानों से लगभग 47,500 करोड़ रुपये का वार्षिक राजस्व उत्पन्न होने की उम्मीद है। इससे लगभग 55 हजार करोड़ रुपये का पूंजी निवेश आकर्षित होगा और कोयला उत्पादक राज्यों में लगभग 4.9 लाख रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
कोयला मंत्रालय ने कहा कि 16वां दौर की नीलामी पूरी तरह से दोहन किए गए और आंशिक रूप से दोहन किए गए कोयला ब्लॉकों का एक नया सेट भी पेश करेगा। यह ढांचा सबसे उदार शर्तों के तहत काम करना जारी रखता है, जिसमें कोई भी अंतिम उपयोग संबंधी प्रतिबंध नहीं है। इसमें स्वचालित मार्ग के माध्यम से शत-प्रतिशत एफडीआई की अनुमति है और भविष्य के राजस्व हिस्सेदारी के मुकाबले कम अग्रिम भुगतान समायोज्य है।
मंत्रालय ने बताया कि इन प्रावधानों को स्थापित खनन कंपनियों और प्रौद्योगिकी-संचालित उद्यमों के लिए प्रतिस्पर्धी रहते हुए छोटे और पहली बार बोली लगाने वालों के लिए प्रवेश सुलभ रखने के लिए डिजाइन किया गया है। 16वें दौर की नीलामी में अतिरिक्त कोयला ब्लॉकों को उत्पादन में लाकर, अतिरिक्त रोजगार को सृजित करके और इस क्षेत्र में नए निवेश को आकर्षित करके इस प्रगति को और आगे बढ़ाने की उम्मीद है।