प्रेम प्रसंग के विवाद में घायल युवक की पटना में मौत, शरीर पर लगी थीं गंभीर चोटें

Share

पूर्वी सिंहभूम, 12 अगस्त । बागबेड़ा थाना क्षेत्र के कॉलोनी रोड नंबर-3, ब्लॉक संख्या 98/2/3 में प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद में गंभीर रूप से घायल आशीष कुमार (28) की पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई।

घटना के बाद आशीष को गंभीर हालत में जमशेदपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत नाजुक होने पर परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए पटना ले गए थे, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल की ओर से जारी मृत्यु प्रमाणपत्र में आशीष के शरीर पर गंभीर चोटों और कई चिकित्सकीय जटिलताओं का उल्लेख किया गया है।

आशीष बिहार के नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के सर्वोदय नगर, देवी सराय का रहने वाला था। अस्पताल के मृत्यु प्रमाणपत्र के अनुसार आशीष की मौत 11 अगस्त को हुई। प्रमाणपत्र में कथित शारीरिक हमले से संबंधित चोट के साथ फेफड़ों में गंभीर समस्या, संक्रमण, गुर्दे की कार्यक्षमता प्रभावित होने, प्लेटलेट्स कम होने सहित कई पेल्विक हड्डियों में फ्रैक्चर जैसी स्थितियों का उल्लेख किया गया है। मौत की प्रकृति को जांच लंबित रहने की स्थिति में दर्ज किया गया है।

बताया जाता है कि 29 जुलाई की सुबह संबंधित मकान से शोर सुनाई देने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बागबेड़ा पुलिस ने आशीष को घर के अंदर घायल और अचेत अवस्था में पाया। उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया था।

आशीष ने आरोप लगाया था कि बागबेड़ा निवासी एक युवती से उसका करीब डेढ़ वर्ष से प्रेम संबंध था और युवती के बुलाने पर वह उसके घर पहुंचा था। उसका आरोप था कि युवती के परिजनों ने उसे घर में बंद कर मारपीट की। उसने मोबाइल में मौजूद बातचीत और बैंक लेन-देन को महत्वपूर्ण साक्ष्य बताया था।

वहीं युवती के पिता ने आशीष पर उनकी पुत्री के कमरे में घुसकर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि इसी कारण विवाद हुआ। अब आशीष की मौत के बाद पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। परिजनों ने निष्पक्ष जांच और मोबाइल में मौजूद डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच की मांग की है। बुधवार को थाना प्रभारी नीरज कुमार ने कहा कि जांच के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट होंगी।