देहरादून, 12 अगस्त । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हल्द्वानी के रामलीला मैदान में शुद्धिकरण और पूजा-अर्चना को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर पलटवार करते हुए बुधवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस सनातन धर्म का अपमान करने के बाद अब समाज को बांटने की राजनीति कर रही है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि हल्द्वानी में शुद्धिकरण एवं पूजा-अर्चना करने वाली संस्था ‘श्री राम सेना’ से भाजपा का कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को निराधार, असत्य और भ्रामक बताते हुए कहा कि पार्टी का उक्त संस्था से कोई लेना-देना नहीं है।
खजान दास ने कहा कि रामलीला मैदान का सनातन धर्म में विशेष धार्मिक महत्व है और ऐसे स्थान पर आपत्तिजनक नारे लगाए जाने से सनातन समाज आहत है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि रामलीला मैदान में हुए कथित सनातन अपमान के मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए कांग्रेस शुद्धिकरण और पूजा-अर्चना को लेकर विवाद खड़ा कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सनातन समाज को जातियों में बांटने की राजनीति कर रही है।
भाजपा नेता ने कांग्रेस पर दलित नेताओं के अपमान का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मानसिकता को लेकर दलित समाज के साथ किए गए व्यवहार को भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सीताराम केसरी, डॉ. भीमराव अंबेडकर और बाबू जगजीवन राम का उल्लेख करते हुए पार्टी पर उनके साथ उचित व्यवहार नहीं करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए सनातन केवल एक शब्द नहीं बल्कि देश के सांस्कृतिक गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड की जनता कांग्रेस के कथित सनातन विरोधी रुख को समझ चुकी है।
उल्लेखनीय है कि हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हाल में कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद श्री राम सेना धर्मार्थ संगठन द्वारा हवन और शुद्धिकरण किया गया। संगठन का आरोप था कि मंच से आपत्तिजनक बयान और नारे लगाए गए थे, जिसके विरोध में यह धार्मिक अनुष्ठान हुआ। इसके बाद कांग्रेस ने सवाल उठाने शुरू कर दिए और इसे लेकर भाजपा पर निशाना साधा।
———–