नई दिल्ली, 12 अगस्त । कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने बुधवार को कहा कि ‘भारतीय व्यापार महोत्सव’ भारतीय व्यापारिक समुदाय के इतिहास में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है।
राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के भारत मंडपम में 12 से 15 अगस्त तक आयोजित इस 4 दिवसीय व्यापार महोत्सव को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक व्यापार प्रदर्शनी नहीं है, बल्कि देश के करोड़ों व्यापारियों, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई), स्टार्टअप्स, निर्माताओं और उद्यमियों को ‘वोकल फॉर लोकल’ से ‘लोकल टू ग्लोबल’ की यात्रा से जोड़ने वाला यह एक राष्ट्रीय अभियान है और यह महोत्सव भारत को वैश्विक व्यापारिक शक्ति बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
खंडेलवाल ने कहा कि छोटे व्यापारियों, एमएसएमई और भारतीय निर्माताओं के लिए वैश्विक बाजारों के द्वार खुले हैं और भारतीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अभूतपूर्व अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
भारत की व्यापारिक शक्ति, उद्यमशीलता, नवाचार क्षमता और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को समर्पित भारतीय व्यापार महोत्सव का नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आज भव्य शुभारंभ हुआ। 12 से लेकर 15 अगस्त तक आयोजित होने वाले इस 4 दिवसीय राष्ट्रीय महोत्सव का आयोजन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) एवं इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गनाइजेशन (आईटीपीओ) की ओर से संयुक्त रूप से किया जा रहा है।