नोएडा, 17 अप्रैल । कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि भाजपा सरकार अब महिलाओं के वोट के लिए यह बिल ला रही है, लेकिन हमारी वरिष्ठ नेता और सांसद प्रियंका गांधी ने सबसे पहले महिलाओं के बारे में सोचते हुए टिकट वितरण में 40 फीसदी हिस्सेदारी दी। अजय राय अपनी पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं और जिलाध्यक्षों से मिलने ग्रेटर नोएडा जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें सेक्टर 52 में ही रोक लिया और कार्यकर्ताओं समेत नजरबंद कर दिया। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।
श्रमिकों के हिंसक प्रदर्शन के बाद नोएडा आए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि कांग्रेस ने आम जनता की बात उठाई है। अजय राय ने कहा कि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आग लगने की घटना में दर्जनों लोग बेघर हो गए। जब आग लगी तो अग्निशमन की गाड़ियां घंटों बाद पहुंचीं थी। उन्होंने वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई के निधन पर शोक व्यक्त किया और उनके परिवार से मुलाकात की।