चंडीगढ़, 24 अक्टूबर । भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी और 1983 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य मोहिंदर अमरनाथ ने अमृतसर में बिताए अपने छात्र जीवन की यादें साझा करते हुए शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि गुरुओं की नगरी अमृतसर की स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस दिशा में काम करने वाले लोगों के प्रयास सराहनीय हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर साझा एक संदेश में अमरनाथ ने बताया कि वह 1970 के दशक में अमृतसर के हॉल गेट के पास स्थित डीएवी कॉलेज में पढ़ाई करते थे। उस दौर में अमृतसर साफ-सुथरा और व्यवस्थित शहर हुआ करता था। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन के दौरान जब भी अवसर मिलता, वह श्री दरबार साहिब में माथा टेकने जाते थे। वहां की गई उनकी कई अरदासें पूरी हुईं।
पुराने दिनों को याद करते हुए अमरनाथ ने कहा कि उस समय हॉल गेट के आसपास की सड़कें और बाजार बेहद साफ-सुथरे रहते थे। दुकानों, रिक्शों और श्री दरबार साहिब जाने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही के बावजूद इलाके में साफ-सफाई और व्यवस्था बनी रहती थी।
पूर्व क्रिकेटर ने बताया कि वर्ष 2011 में भारत में आयोजित क्रिकेट विश्व कप के दौरान एक टेलीविजन कार्यक्रम के सिलसिले में उन्हें अटारी बॉर्डर जाने का अवसर मिला था। इस दौरान उन्होंने अमृतसर का भी दौरा किया। उस समय भी शहर की गलियां और सड़कें साफ-सुथरी नजर आई थीं, जिससे वह काफी प्रभावित हुए।
अमरनाथ ने कहा कि अमृतसर केवल एक शहर नहीं, बल्कि धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। ऐसे में इसकी स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
उल्लेखनीय है कि अमृतसर में सफाई व्यवस्था को लेकर लंबे समय से चिंताएं जताई जाती रही हैं। विशेष रूप से हॉल गेट से श्री दरबार साहिब की ओर जाने वाले मार्ग पर गंदगी की समस्या को लेकर स्थानीय लोग कई बार शिकायत कर चुके हैं।
हॉल गेट के बाहर भंडारी पुल के पास पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र में कूड़े के ढेर, जमा गंदे पानी और आवारा पशुओं की समस्या को लेकर भी नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठते रहे हैं। यह मार्ग श्री हरिमंदिर साहिब और जलियांवाला बाग जाने वाले श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों के लिए महत्वपूर्ण है। ऐसे में यहां बेहतर सफाई व्यवस्था बनाए रखने की आवश्यकता जताई जा रही है।
मोहिंदर अमरनाथ की यह अपील वंतरुख फाउंडेशन और चलो अमृतसर के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के सहयोग से साझा की गई। जिमी अमरनाथ के नाम से प्रसिद्ध पूर्व क्रिकेटर ने शहर की स्वच्छता के लिए काम करने वाले सभी लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि केवल अमृतसर ही नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक शहर को साफ-सुथरा रखना चाहिए।
अमरनाथ ने इसके साथ ही साथ ही देश को स्वच्छ, स्वस्थ और निरंतर प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ाने के लिए नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।———
