छत्तीसगढ़ में नेटबॉल खिलाड़ियों के लिए बड़ा मौका, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं और कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की तैयारी को लेकर 25 अक्टूबर को चयन ट्रायल

Share

जांजगीर-चांपा, 24 अक्टूबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली नेटबॉल खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं और कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए 25 अक्टूबर 2026, रविवार को जांजगीर के खोखरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में राज्य स्तरीय नेटबॉल चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा। ट्रायल सुबह 10 बजे से शुरू होगा, जिसमें प्रदेशभर के यूथ और सीनियर वर्ग के महिला एवं पुरुष खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे।

नेटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया, नई दिल्ली के निर्देशानुसार नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ द्वारा इस चयन ट्रायल का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य प्रदेश की खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगामी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए तकनीकी समिति की निगरानी में खिलाड़ियों का ट्रायल लिया जाएगा। इस दौरान पूरी चयन प्रक्रिया की फोटोग्राफी और वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जाएगी। ट्रायल संपन्न होने के बाद निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार चयन संबंधी रिपोर्ट नेटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया को भेजी जाएगी।

नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ की अध्यक्ष मीना केरकेट्टा ने बताया कि प्रदेश में नेटबॉल खेल को बढ़ावा देने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से निर्धारित समय पर खोखरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पहुंचकर चयन ट्रायल में भाग लेने की अपील की है।

एसोसिएशन के सचिव राजेश राठौर ने बताया कि चयन ट्रायल को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। नेटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस पहल से छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ भविष्य की बड़ी प्रतियोगिताओं की तैयारी में मदद मिलेगी।