एल. मुरुगन का केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा मंजूर

Share

नई दिल्ली, 15 अक्टूबर । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सलाह पर डॉ. एल. मुरुगन का केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है।

राष्ट्रपति भवन की ओर से गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, संविधान के अनुच्छेद 75 के खंड (2) के तहत डॉ. मुरुगन का इस्तीफा स्वीकार किया गया है।

उल्लेखनीय है कि सूचना एवं प्रसारण और संसदीय कार्य राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने 13 अक्टूबर को मंत्रिपरिषद और राज्यसभा से इस्तीफे की घोषणा की थी। इस संबंध में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखा था। इसे उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किया था।

मुरुगन ने 13 अक्टूबर को प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर मंत्री पद से मुक्त करने का अनुरोध किया था। उन्होंने तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करने और 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए पूरा समय देने की इच्छा जताई थी।

सूचना एवं प्रसारण तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री रहे मुरुगन ने अपने पत्र में कहा था कि वह जमीनी स्तर पर लौटकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ काम करना चाहते हैं और राज्य के गांवों तथा शहरों में पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए अपना पूरा समय समर्पित करना चाहते हैं।

मुरुगन ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिपरिषद में काम करने को अपने जीवन का बड़ा सौभाग्य बताते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया था। उन्होंने राज्यसभा की सदस्यता छोड़ने की अनुमति भी मांगी थी।

उनकी राज्यसभा सदस्यता मध्य प्रदेश से साल 2030 में समाप्त होनी थी। साल 2021 में प्रधानमंत्री मोदी की पिछली मंत्रिपरिषद में वे राज्यमंत्री बने और यह सिलसिला 2024 में उनके तीसरे कार्यकाल में भी जारी रहा।