जोधपुर, 15 अक्टूबर । जिला पश्चिम की बासनी पुलिस ने एक लाख रुपये के इनामी अपराधी स्वरूपराम उर्फ स्वरूप बेनीवाल को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपित पर एएनटीएफ राजस्थान जयपुर की ओर से 75 हजार रुपये और बाड़मेर पुलिस की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर को कांस्टेबल अशोक बेनीवाल ने गायत्री नगर, पाल रोड क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति को देखा। फोटो के आधार पर उसकी पहचान स्वरूपराम बेनीवाल के रूप में हुई, जो कई गंभीर मामलों में वांछित था। पुलिस की भनक लगने पर आरोपित अपनी लग्जरी कार से भागने लगा। कांस्टेबल अशोक बेनीवाल ने मोटरसाइकिल से लगातार उसका पीछा किया और पुलिस टीम को सूचना दी।
पुलिस ने सांगरिया रिंग रोड पर नाकाबंदी की, लेकिन आरोपित गाड़ी लेकर कुड़ी भगतासनी क्षेत्र की गलियों में घुस गया। आगे रास्ता बंद होने पर वह कार छोडक़र एक मकान में जा छिपा। पुलिस टीम ने मकान की घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। कार्रवाई में एएनटीएफ राजस्थान की जोधपुर इकाई का भी सहयोग लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपित के खिलाफ डोडा पोस्त तस्करी, चोरी के वाहन, अवैध मादक पदार्थ, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न मामले दर्ज हैं। वह वर्ष 2023 में जोधपुर जेल से पैरोल पर बाहर आने के दौरान फरार हो गया था। फरारी के दौरान उसके नेपाल में रहने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, आरोपित मादक पदार्थों की तस्करी में एस्कॉर्टिंग, पैडलर और सप्लायर की भूमिका निभाता था।
