वाराणसी, 15 अक्टूबर(हि. स.)। वाराणसी में दो दिनों से चल रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के काशी और गोरक्ष क्षेत्र के विस्तारक वर्ग में संगठन संरचना एवं बूथ कार्य विषय पर प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने संगठनात्मक मजबूती का स्पष्ट मंत्र देते हुए कहा कि चुनावी सफलता के लिए रणनीति तैयार करना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी उसे जमीन पर प्रभावी ढंग से लागू करना है। संगठन के प्रत्येक स्तर पर बेहतर समन्वय, कार्यकर्ताओं के दायित्वों का स्पष्ट निर्धारण और जनसंपर्क अभियानों की निरंतरता इसके प्रमुख आधार हैं। बूथ ही संगठन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है। बूथ समितियों की सक्रियता, नियमित बैठकें, मतदाता संपर्क और स्थानीय समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता आवश्यक है। समाज के प्रत्येक वर्ग की अपेक्षाओं, समस्याओं और सुझावों को समझे बिना मजबूत जनाधार तैयार नहीं किया जा सकता।
जमीनी स्तर पर निरंतर सक्रियता ही चुनावी तैयारियों को प्रभावी बनाने की कुंजी
धर्मपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं को संदेश दिया कि उनकी भूमिका केवल संगठनात्मक कार्यक्रमों के आयोजन तक सीमित नहीं है। आम लोगों के बीच निरंतर उपस्थिति, नियमित संवाद और विश्वास का मजबूत रिश्ता बनाना संगठन की प्राथमिकता होनी चाहिए। बूथ समितियों को जिम्मेदारी के साथ सक्रिय करते हुए संगठनात्मक कार्यों की नियमित समीक्षा और जनसंपर्क को निरंतर गति देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती केवल संरचना से नहीं, बल्कि उस संरचना में सक्रिय कार्यकर्ताओं, स्पष्ट जिम्मेदारियों और सतत जनसंपर्क से सुनिश्चित होती है। जमीनी स्तर पर निरंतर सक्रियता ही चुनावी तैयारियों को प्रभावी बनाने की कुंजी है।
इससे पहले आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने और संगठन को बूथ स्तर तक अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी काशी एवं गोरक्ष क्षेत्र के दो दिवसीय विस्तारक प्रशिक्षण वर्ग संपन्न हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में चुनावी रणनीति, प्रदेश के सामाजिक एवं राजनीतिक परिदृश्य, बदलते सामाजिक समीकरणों, जनमत की प्रवृत्तियों और जमीनी चुनौतियों पर व्यापक मंथन किया गया। पीपीटी के माध्यम से विस्तारकों को विभिन्न क्षेत्रों की सामाजिक संरचना, राजनीतिक परिस्थितियों और स्थानीय विशेषताओं का विश्लेषणात्मक आकलन प्रस्तुत किया गया। प्रशिक्षण का मूल संदेश स्पष्ट रहा कि मजबूत संगठनात्मक ढांचा, समाज के प्रत्येक वर्ग से सतत संवाद और बूथ स्तर पर सक्रियता ही चुनावी तैयारियों का मजबूत आधार है।
विपक्ष जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास करता है : जगदीश पटेल
प्रशिक्षण सत्र में उत्तर प्रदेश में चुनाव की दृष्टि से सामाजिक एवं राजनीतिक परिस्थितियां ‘ विषय पर संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश पटेल ने कहा कि संगठन की प्रभावशीलता केवल राजनीतिक परिस्थितियों की जानकारी तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उसे जनभावनाओं, स्थानीय समस्याओं और समाज की अपेक्षाओं की गहरी समझ के साथ धरातल पर दिखाई देना चाहिए। विस्तारकों को अपने-अपने क्षेत्रों की सामाजिक एवं राजनीतिक परिस्थितियों का तथ्यपरक आकलन करते हुए जनसंपर्क को अधिक प्रभावी बनाना होगा।
उन्होंने कहा कि विपक्ष जनता के बीच नकारात्मक नैरेटिव और भ्रम फैलाने का प्रयास करता है। पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान संविधान बदलने को लेकर भ्रम फैलाए जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भी जनता को भ्रमित करने की कोशिशों का तथ्यों और सरकार के कार्यों के आधार पर जवाब देना होगा। कार्यकर्ताओं को विपक्ष के आरोपों का प्रभावी प्रतिवाद करते हुए जनता के बीच अपनी बात स्पष्टता और मजबूती से रखनी चाहिए।
जगदीश पटेल ने पीडीए की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए विपक्ष की सामाजिक रणनीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष को पीडीए से कोई सरोकार नहीं, उनके लिए पीडीए का मतलब है पराया धन अपना। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से समाज के सभी वर्गों के बीच निरंतर संवाद स्थापित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन को अपने परंपरागत समर्थकों के साथ मजबूत संपर्क बनाए रखने के साथ ही नए सामाजिक वर्गों तक पहुंच बढ़ाने के लिए योजनाबद्ध ढंग से काम करना होगा। हमें अपने कोर वोटर्स का विश्वास मजबूत करना है और नए वर्गों को संगठन से जोड़ने की रणनीति पर काम करना है। यही चुनावी तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में काशी एवं गोरखपुर क्षेत्र के विस्तारकों, विधानसभा प्रभारियों और विधानसभा पालकों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण के दौरान संगठनात्मक कार्यपद्धति, सामाजिक-राजनीतिक विश्लेषण, क्षेत्रवार परिस्थितियों, जनसंवाद, बूथ प्रबंधन और चुनावी तैयारियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रशिक्षण वर्ग में संगठन की संरचना को अधिक सक्रिय बनाने, स्थानीय स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने, सामाजिक समीकरणों को समझने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। समापन के साथ ही यह संदेश दिया गया कि चुनावी तैयारियों को प्रभावी बनाने के लिए संगठन के प्रत्येक स्तर पर सक्रियता, जवाबदेही और जनविश्वास को प्राथमिकता देनी होगी। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ से हुआ तथा समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। संचालन क्षेत्रीय महामंत्री अनूप जायसवाल, क्षेत्र उपाध्यक्ष अनीता त्रिपाठी ने किया। वही, क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी, अमित राय, अनिता त्रिपाठी, क्षेत्रीय महामंत्री अनूप जायसवाल, क्षेत्रीय मंत्री जगदीश त्रिपाठी, डॉ. उत्तम ओझा, संतोष सोलापुरकर, शैलेंद्र मिश्रा, प्रवीण सिंह गौतम, राम प्रकाश दुबे, अनिल गुप्ता, सतीश पांडेय, विजय गुप्ता सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
