धनबाद, 12 अक्टूबर । धनबाद कोर्ट परिसर में सोमवार को आरोपित कुणाल साव को हिरासत में लेने के दौरान जमकर हंगामा हुआ। उसे पकड़ने पहुंची आरपीएफ की विशेष टीम और अधिवक्ताओं के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गई। इस दौरान आरपीएफ के सब-इंस्पेक्टर अरविंद कुमार सिंह के साथ भी मारपीट की गई। घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और आरपीएफ सब-इंस्पेक्टर को अपने साथ धनबाद थाना ले गई। घटना से संबंधित एक वीडियो भी वायरल होने की बात सामने आई है।
अधिवक्ता संतोष सिंह के अनुसार, कुणाल साव कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा था। इसी दौरान एक व्यक्ति अचानक चेंबर में पहुंचा और आरोपित को अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगा। इस बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त व्यक्ति ने अधिवक्ताओं के साथ हाथापाई की। इसके बाद अन्य अधिवक्ता भी मौके पर पहुंच गए और मामला बढ़ गया।
वहीं, धनबाद थाना प्रभारी मनोज पांडे ने बताया कि आरपीएफ के महुदा पोस्ट के सब-इंस्पेक्टर अरविंद कुमार सिंह अपनी टीम के साथ आरोपित कुणाल साव को पकड़ने धनबाद कोर्ट पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपित और अधिवक्ताओं के साथ विवाद हो गया और हाथापाई शुरू हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरपीएफ सब-इंस्पेक्टर को थाने ले आई।
वहीं, घटना के बाद बैंक मोड़, धनबाद, धनसार और भूली ओपी के प्रभारी सहित पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। धनबाद बार एसोसिएशन ने घटना पर नाराजगी जताते हुए संबंधित आरपीएफ सब इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
