अनूपपुर: केवई नदी में शव नग्न अवस्था में मिला बुजुर्ग का शव, नदी पार करते समय डूबने की आशंका

Share

अनूपपुर, 09 अक्टूबर । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा थाना क्षेत्र की केवई नदी में शुक्रवार को 65 वर्षीय बुजुर्ग का शव नग्न अवस्था में औंधें मुंह मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पहचान भालूमाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम दरईबहरा निवासी मोट्टन सिंह गोंड़ के रूप में हुई है।

थाना प्रभारी रत्नाम्बर शुक्ला ने बताया कि परिजन के अनुसार मोट्टन सिंह गुरुवार शाम घर से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटे। परिजन ने सोचा कि वे किसी रिश्तेदार या परिचित के घर रुक गए होंगे और अगले दिन लौट आएंगे। शुक्रवार की सुबह नदी पर शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकाला। शरीर पर किसी प्रकार की चोट के निशान नहीं मिले हैं। घटनास्थल मृतक के घर से महज 700 मीटर की दूरी पर है। आशंका जताई जा रही है कि गुरुवार शाम कोतमा से घर लौटते समय शार्टकट लेने के चक्कर में मोट्टन सिंह ने नदी पार करने की कोशिश की होगी। इस दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। रातभर पानी में रहने के कारण शव फूलकर सुबह किनारे पर आ गया। पुलिस का कहना है कि मौत डूबने की वजह से ही लग रही है, लेकिन असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।