एक दिन की तेजी के बाद फिर फिसला क्रिप्टो करेंसी मार्केट, बिटकॉइन 60,000 डॉलर के नीचे लुढ़का, एथेरियम में भी गिरावट

Share

नई दिल्ली, 24 नवंबर । सोमवार की शानदार रिकवरी के बाद आज मंगलवार को ग्लोबल क्रिप्टोकरेंसी मार्केट में एक बार फिर मुनाफावसूली का दबाव हावी हो गया। अमेरिकी स्पॉट ईटीएफ से लगातार जारी पूंजी निकासी और ऊपरी स्तरों पर हुई बिकवाली के कारण प्रमुख डिजिटल एसेट्स अपनी बढ़त गंवा कर लाल निशान में फिसल गए। मार्केट सेंटिमेंट्स में अभी भी सतर्कता का माहौल बना हुआ है, जिसके कारण इन्वेस्टर रिस्क प्रोन (हाई रिस्क वाले) एसेट्स में बड़ी पोजीशन बनाने से बच रहे हैं।

पिछले 24 घंटों के कारोबार के दौरान ग्लोबल क्रिप्टो मार्केट कैप लगभग 1.35 प्रतिशत फिसल कर 2.12 ट्रिलियन डॉलर के दायरे में आ गया है। बाजार में जारी इस उतार-चढ़ाव के बीच कुल 24 घंटे का ट्रेडिंग वॉल्यूम तेजी से बढ़कर 101.20 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंच गया है। क्रिप्टो बाजार का फियर एंड ग्रीड इंडेक्स अभी भी 7 से 9 के स्तर पर यानी अत्यधिक डर के दायरे में बना हुआ है।

दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन में आज 3.01 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई और यह 60 हजार डॉलर के मनोवैज्ञानिक स्तर के नीचे फिसल कर 59,927 डॉलर के स्तर पर पहुंचा हुआ नजर आ रहा है। बिटकॉइन का इंडिविजुअल मार्केट कैप घट कर 1.21 ट्रिलियन डॉलर रह गया है, जबकि इसका 24 घंटे का ट्रेडिंग वॉल्यूम 45.90 अरब डॉलर दर्ज किया गया। क्रिप्टो करेंसी मार्केट में बिटकॉइन की हिस्सेदारी यानी मार्केट डोमिनेंस 58.70 प्रतिशत पर मजबूती के साथ बनी हुई है।

इसी तरह दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी एथेरियम भी बिकवाली के दबाव से बच नहीं सकी है। यह आभासी मुद्रा पिछले 24 घंटे के कारोबार के दौरान 2.95 प्रतिशत टूट कर 1,678.35 डॉलर के भाव पर आ गई। अमेरिकी एथेरियम ईटीएफ से लगातार हो रही पूंजी निकासी ने इसकी चाल पर दबाव बनाया है। एथेरियम का इंडिविजुअल मार्केट कैप घट कर 205.17 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंच गया है। वहीं, इसका 24 घंटे का ट्रेडिंग वॉल्यूम 16.29 अरब डॉलर रहा। बाजार में एथेरियम की हिस्सेदारी 10.01 प्रतिशत पर दर्ज की गई।

टॉप 15 क्रिप्टो कॉइन्स के प्रदर्शन की बात करें तो आज अधिकतर प्रमुख कॉइन्स कमजोरी के साथ कारोबार करते नजर आए। बिनेंस कॉइन यानी बीएनबी 1.98 प्रतिशत लुढ़क कर 547.46 डॉलर, सोलाना 2.34 प्रतिशत टूट कर 70.81 डॉलर और रिपल यानी एक्सआरपी 0.50 प्रतिशत की गिरावट के साथ 0.9342 डॉलर के स्तर पर आ गया। इसके अलावा जीकैश में 7.38 प्रतिशत, मोनेरो में 1.62 प्रतिशत, चेनलिंक में 1.54 प्रतिशत और हाइपरलिक्विड में 0.96 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इसके विपरीत ट्रॉन 0.95 से 1.39 प्रतिशत उछल कर 0.3084 डॉलर, कार्डानो 0.75 से 2.40 प्रतिशत बढ़ कर 0.1497 डॉलर और डॉगकॉइन 0.12 प्रतिशत की मामूली तेजी के साथ 0.0557 डॉलर के स्तर पर हरे निशान में बने रहे। वहीं, स्टेबल कॉइन्स में टेथर 0.9988 डॉलर और यूएसडी कॉइन 0.9999 डॉलर के स्तर पर स्थिर रहे।

बाजार के तकनीकी विशेषज्ञों और विश्लेषकों के अनुसार, बिटकॉइन के लिए अब 55,000 से 56,000 डॉलर का दायरा सबसे महत्वपूर्ण तत्काल सपोर्ट बना हुआ है, जबकि 53,000 डॉलर पर अगला बड़ा सपोर्ट मौजूद है। ऊपर की ओर अब 61,000 से 62,000 डॉलर के बीच मजबूत रेजिस्टेंस नजर आ रहा है, जिसके पार जाने पर 65,000 डॉलर तक की राह खुल सकती है। एथेरियम के लिए जानकारों ने 1,595 डॉलर को तत्काल और 1,510 से 1,570 डॉलर के स्तर को मुख्य सपोर्ट बताया है। ऊपर की तरफ एथेरियम के लिए 1,730 डॉलर पहला बड़ा रेजिस्टेंस है और इसके पार निकलने पर 1,820 से 1,826 डॉलर के स्तर पर अगली रुकावट दर्ज की जा सकती है।