पैनल वकीलों की नियुक्ति में पक्षपात बताकर हाईकोर्ट ने मुख्य सचिव को भेजा आदेश

Share

जयपुर, 24 नवंबर । राजस्थान हाईकोर्ट ने अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड से जुडे मामले में पैनल वकीलों की नियुक्ति में पक्षपात बताकर आदेश की कॉपी मुख्य सचिव को भेजी है। अदालत ने मुख्य सचिव को कहा कि नौकरशाही के प्रमुख होने के चलते उन्हें इस बात की जानकारी होनी चाहिए कि डिस्कॉम में पैनल वकीलों की नियुक्ति को लेकर क्या हो रहा है। वहीं अदालत ने कहा कि यदि निगम आठ सप्ताह में निचली अदालत में पांच लाख रुपए जमा करा देता है तो निचली अदालत के गत 3 अगस्त के आदेश के तहत शेष राशि की वसूली पर आगामी सुनवाई तक रोक रहेगी। जस्टिस अशोक कुमार जैन की एकलपीठ ने यह आदेश अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की अपील पर दिए।

अदालत ने कहा कि अधिवक्ताओं की पैनल में नियुक्ति के दौरान वरिष्ठता और अनुभव को नजरअंदाज किया जा रहा है। यह स्थिति पक्षपात और भाई-भतीजावाद को दर्शाती है। अदालत ने कहा कि मामले के कानूनी बिंदु के संबंध में सुप्रीम कोर्ट की ओर से दिए आदेश को भी अपील में नहीं उठाया गया। अदालत ने कहा कि निचली अदालत में घातक दुर्घटना अधिनियम की धारा 1 ए के तहत दावा पेश किया गया था, जबकि अदालत ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत गुणक विधि और भविष्य की संभावना के आधार पर राशि तय की है। अदालत ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट हाल ही में एक मामले में तय कर चुका है कि घातक दुर्घटना के मामलों और करंट से मौत के मामले में राशि की गणना में गुणक पद्धति नहीं अपनाने को कहा है, लेकिन निगम के वकील ने इसे अपील में आधार ही नहीं बनाया। जिससे साबित है कि वकील पूरी तैयारी से नहीं आ रहे हैं।

मामले के अनुसार मुनेश कंवर ने बिजली के करंट से मौत के मामले में झुंझुनूं के अतिरिक्त जिला न्यायालय में दावा किया था। जिसमें अदालत ने गत तीन अगस्त को अवार्ड पारित कर मुआवजा राशि तय की थी। इस आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती देते हुए कहा गया कि निचली अदालत ने मुआवजे की गणना में गलत पद्धति अपनाई है। वहीं मृतक की उम्र 45 और उसकी मां की उम्र 50 साल बताई गई है, जो कि असंभव है।