अशोकनगर: यातायात अभियान में 1,593 वाहन चालकों पर कार्रवाई, 5.56 लाख का जुर्माना वसूला

Share

अशोकनगर, 09 अक्टूबर । मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में सडक़ दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए चलाए गए विशेष यातायात जागरूकता अभियान में पुलिस ने नियम तोडऩे वाले वाहन चालकों पर सख्ती की। 28 सितंबर से 08 अक्टूबर तक चले अभियान में 1,593 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 5,56,100 समन शुल्क वसूल किया गया।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में चलाया गया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 1,202 चालकों से 3,60,600 तथा बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वाले 391 चालकों से 1,95,500 समन शुल्क वसूला गया। इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 52 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के लिए प्रकरण भेजे गए।

अभियान केवल चालानी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहा। जिले के 32 स्कूल-कॉलेजों और 63 विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक और अन्य गतिविधियां आयोजित की गईं। यातायात जागरूकता फिल्मों एवं समझाइश के माध्यम से 10,702 विद्यार्थियों और नागरिकों को हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा तथा यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया। लोगों को राहवीर योजना और पीएम राहत योजना की जानकारी भी दी गई तथा सडक़ दुर्घटना में घायलों की मदद के लिए आगे आने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, सितंबर 2025 तक जिले में 352 सडक़ दुर्घटनाओं में 137 लोगों की मौत हुई थी। वहीं सितंबर 2026 तक दुर्घटनाओं की संख्या घटकर 305 और मृतकों की संख्या 99 रह गई। इस तरह पिछले वर्ष की तुलना में सडक़ दुर्घटनाओं में करीब 13.4 प्रतिशत, जबकि सडक़ हादसों में मृतकों की संख्या में करीब 27.7 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।

पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और नशे की हालत में वाहन न चलाएं। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि खुद और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए करें। साथ ही सडक़ दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद के लिए भी आगे आएं।