फतेहपुर, 14 सितंबर । उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में गंगा-पाण्डु नदी के बढ़े जलस्तर को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स व पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने सोमवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
विधायक राजेन्द्र सिंह पटेल के साथ दोनों अधिकारियों ने बिन्दकी तहसील के औंग क्षेत्र के बड़ाहार, सदनापुर व बिंदकी फार्म के जलमग्न इलाकों में पहुंचकर हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ की स्थिति और आवागमन के रास्तों का जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था और बाढ़ पीड़ित लोगों तक पहुंच रही मदद की हकीकत भी परखी। स्थलीय निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सीधे अभयपुर स्थित बाढ़ राहत शिविर पहुंची।
उन्होंने राहत और बचाव कार्य को परखा और शिविर में रह रहे परिवारों के बीच जाकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों से पूछा कि खाना समय से मिल रहा है, दवाइयां मिली रही हैं? कोई दिक्कत तो नहीं लोगों ने अपनी समस्याएं बताईं, जिस पर जिलाधिकारी ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए निर्देश देते हुए कहा कि राहत सामग्री और जरूरी सुविधाओं में कोई देरी बर्दाश्त नहीं होगी।