कोटा में जनता ने राहुल गांधी के झूठे प्रचार को नकारा, भाजपा के पक्ष में दिया जनादेश : डॉ. सुधांशु त्रिवेदी

Share

नई दिल्ली, 14 सितंबर । भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राजस्थान के 309 स्थानीय निकायों में हुए चुनावों के परिणामों में भारतीय जनता पार्टी शानदार विजय की ओर बढ़ रही है और 10 नगर निगमों में से 9 में भाजपा अपने सहयोगियों के साथ सरकार बनाने की स्थिति में है।

सोमवार को केंद्रीय कार्यालय में मीडिया से बातचीत में डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा चुनाव 8 चरणों में कराने और जयपुर, जोधपुर व कोटा नगर निगमों को विभाजित करने की नीति को जनता ने नकार दिया, जबकि भाजपा सरकार ने 1 चरण में चुनाव कराए।

डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राजस्थान में स्थानीय निकायों के चुनाव परिणाम सामने आए हैं। अभी तक प्राप्त निरंतर चुनाव परिणामों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी शानदार विजय की ओर आगे बढ़ रही है। राजस्थान में 10 नगर निगम, 47 नगर परिषद और 252 नगर पालिकाओं सहित कुल 309 स्थानों पर चुनाव हुए थे। वर्तमान स्थिति में 10 में से केवल एक नगर निगम में कांग्रेस आगे है, जबकि शेष सभी नगर निगमों में भारतीय जनता पार्टी अपने सहयोगियों के साथ सरकार बनाने की स्थिति में है। कांग्रेस सरकार ने राजस्थान में स्थानीय निकायों के चुनाव के साथ जो खिलवाड़ किया था, जनता ने उसका मुंहतोड़ जवाब दिया है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि राजस्थान में स्थानीय निकायों के चुनाव 8 चरणों में कराए गए थे, जबकि भाजपा सरकार ने इन्हें 1 चरण में करवाया। जयपुर, जोधपुर और कोटा के नगर निगमों को विभाजित कर दिया गया था। इसके बावजूद भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में हुए मतदान से स्पष्ट है कि राजस्थान की जनता ने नगर निगमों को तोड़ने-मरोड़ने की नीति को पूरी तरह नकार दिया है। यह एक बार फिर दर्शाता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की जनता का विश्वास उत्तरोत्तर बढ़ता जा रहा है। साथ ही, राजस्थान की जनता ने मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा की सरकार के प्रति भी अपनी सकारात्मक स्वीकृति दी है।

डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि इससे भी अधिक महत्वपूर्ण यह है कि कोटा, जहां राहुल गांधी ने जाकर झूठ की गूंज करने का प्रयास किया था, वहां भारतीय जनता पार्टी शानदार तरीके से जीतती हुई दिखाई पड़ रही है। यह कहीं न कहीं दर्शाता है कि कांग्रेस पार्टी की बातों में प्रचार ज्यादा और यथार्थ कम होता है। हमने एक साथ ‘वन इलेक्शन, वन स्टेट’ किया, जबकि कांग्रेस ने इतने चरणों में चुनाव करवाए और उसके बाद भी उसे सफलता नहीं मिली। अतः हम इन चुनाव परिणामों के लिए राजस्थान की जनता का आभार व्यक्त करते हैं और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हैं। हम भाजपा के संगठन, प्रदेश अध्यक्ष और सभी को साधुवाद देते हैं।

डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि एक बार पुनः यह बात स्पष्ट हो जाती है कि पिछली बार जिन 6 जिलों – बूंदी, दौसा, हनुमानगढ़, करौली, धौलपुर और भरतपुर में भाजपा का किसी भी निकाय में एक भी बोर्ड नहीं बन पाया था, उन जिलों में भी इस बार भाजपा शानदार तरीके से आगे बढ़ रही है। अतः यह भाजपा की सामाजिक और भौगोलिक व्याप्ति की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।