सागर, 31 अगस्त । मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा विकासखंड की बरा ग्राम पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह लोधी के साथ रविवार को हुई मारपीट के विरोध में सोमवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में ग्रामीण बरा चौकी पहुंचे और घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क पर एकत्र होकर नारेबाजी भी की।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि यदि गांव के सरपंच प्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम ग्रामीण अपनी सुरक्षा को लेकर कैसे आश्वस्त हो सकते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना को समय बीतने के बावजूद अब तक सभी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने पुलिस से मामले में शामिल प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इसी मामले को लेकर सोमवार को सरपंच संघ के पदाधिकारी भी बंडा एसडीओपी कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। सरपंच संघ ने सरपंच प्रतिनिधि के साथ मारपीट के मामले में दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की। संघ ने कहा कि घटना में शामिल सभी लोगों के नाम एफआईआर में दर्ज किए जाएं। मांग पूरी नहीं होने पर आगामी दिनों में आंदोलन करने की चेतावनी दी गई।
सड़क पर गिराकर पीटने का वीडियो सामने आया
बरा ग्राम पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह लोधी के साथ सड़क पर मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया था। वीडियो में कुछ युवक उन्हें सड़क पर गिराकर लात-घूंसों से मारते दिखाई दे रहे हैं। मारपीट में उनके कपड़े भी फट गए। गंभीर रूप से घायल लक्ष्मण सिंह को उपचार के लिए सागर के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
मामले की जांच के दौरान पुलिस के सामने घटना से जुड़ा एक अन्य वीडियो भी आया है। इसमें कुछ लोग बिजली विभाग के एक कर्मचारी के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने दोनों घटनाओं से संबंधित वीडियो को जांच में शामिल कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।
बिजली समस्या उठाने के बाद धमकी और हमले का आरोप
घायल सरपंच प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह लोधी ने आरोप लगाया है कि गांव में बिजली की समस्या और कथित अनियमितताओं को लेकर उन्होंने आवाज उठाई थी। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से भी बिजली संकट का मुद्दा उठाया था। उनका आरोप है कि इससे नाराज कुछ लोगों ने उन्हें बिजली से जुड़े मामलों में हस्तक्षेप नहीं करने की धमकी दी और बाद में उनके साथ मारपीट की।
लक्ष्मण सिंह ने आरोप लगाया है कि हमले में बिजली वितरण कंपनी से जुड़े कुछ आउटसोर्स कर्मचारी भी शामिल थे। पुलिस अब इन आरोपों की भी जांच कर रही है।
पूर्व विधायक ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
घटना की जानकारी मिलने के बाद पूर्व विधायक तरवर सिंह लोधी अस्पताल पहुंचे और घायल सरपंच प्रतिनिधि से मुलाकात कर उनका हाल जाना। उन्होंने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों और ग्रामीणों की समस्याओं को उठाने वाले जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह की मारपीट गंभीर मामला है।
पूर्व विधायक ने पुलिस और प्रशासन से घटना में शामिल सभी आरोपियों तथा कथित रूप से संलिप्त कर्मचारियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो जन आंदोलन किया जाएगा।
बंडा एसडीओपी प्रदीप बाल्मीकि ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।