छतरपुर में पत्नी की हत्या के बाद पति ने खुद का गला काटा, चरित्र पर संदेह को लेकर विवाद की आशंका

Share

छतरपुर, 31 अगस्त । मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के बंसिया थाना क्षेत्र के मोतीपुरवा गांव में पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद खूनी घटना में बदल गया। पति ने कथित रूप से धारदार हंसिए से पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद पति ने भी उसी हंसिए से अपने गले पर वार कर खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया। घायल पति को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार मोतीपुरवा निवासी राजाबाबू केवट (30) रविवार को अपनी पत्नी शियाप्यारी केवट (28) को उसके मायके की ससुराल मुहाना, जिला पन्ना से अपने गांव लेकर आया था। रविवार देर रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर पति ने कथित तौर पर हंसिए से पत्नी पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद राजाबाबू ने कथित रूप से उसी हंसिए से अपने गले पर वार कर लिया। गंभीर रूप से घायल होने पर उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया।

स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के मुताबिक विवाद की वजह पति द्वारा पत्नी के चरित्र पर संदेह किया जाना बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने इस कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। मृतका के शव के संबंध में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है।