इक्कीस जिलों में तेज बारिश का अलर्ट

Share

जयपुर, 06 अगस्त । प्रदेश में सावन का रंग जमने लगा है। एक परिसंचरण तंत्र के उत्तर प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी भागों और उसके आसपास के क्षेत्र के ऊपर बने रहने और मानसून ट्रफ लाइन के श्रीगंगानगर, रोहतक और गया से गुजरने के कारण राज्य में अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा। माैसम विभाग ने गुरुवार काे प्रदेश में इक्कीस जिलों में तेज बारिश का अलर्ट है। वहीं, शुक्रवार सात अगस्त से उदयपुर, कोटा और भरतपुर संभाग के क्षेत्रों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है।

कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर समेत कई इलाकाें में गुरुवार सुबह तेज बारिश हुई। कस्बे में जगह-जगह पानी भरने से लोगों को परेशानी हुई।

करौली जिले के टोडाभीम में गुरुवार सुबह से तेज बारिश हो रही है।

बुधवार रात को भी यहां बरसात हुई है। अब तक कुल 30 एमएम बारिश दर्ज की गई। अलवर में गुरुवार सुबह करीब आधा घंटे तक तेज बरसात हुई। इससे पहले बुधवार को भी तेज बारिश के चलते घरों में पानी आ गया था। आज शहर के अलावा आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी बरसात हो रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सबसे ज्यादा बरसात अलवर के गोविंदगढ़ में 72 मिलीमीटर दर्ज की गई। बुधवार को भरतपुर संभाग के अलावा जयपुर संभाग के जिलों में भी 3 इंच तक पानी बरसा। वहीं, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिलों के कुछ इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन (परिसंचरण तंत्र) उत्तर प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी भागों और उसके आसपास के क्षेत्र के ऊपर बना हुआ है। वहीं, मानसून ट्रफ लाइन अभी श्रीगंगानगर, रोहतक और गया से होकर गुजर रही है। इस सिस्टम के असर से राज्य में अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा।