एशियाई खेल: भारत बुधवार से करेगा एथलेटिक्स अभियान की शुरुआत, तजिंदरपाल, अविनाश पर नजरें

Share

आइची-नगोया, 22 सितंबर । भारत एशियाई खेलों में बुधवार से अपने एथलेटिक्स अभियान की शुरुआत करेगा। 23 से 29 सितंबर तक चलने वाली एथलेटिक्स स्पर्धाओं में अविनाश साबले, तजिंदरपाल सिंह तूर, पारुल चौधरी और गुलवीर सिंह समेत कई भारतीय पदक दावेदार मैदान में उतरेंगे।

नीरज चोपड़ा के चोट के कारण बाहर होने से पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में भारत की चुनौती कुछ अलग होगी। उनकी जगह रोहित यादव और राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता यश वीर सिंह भारतीय चुनौती संभालेंगे। रोहित ने इस सत्र में 87 मीटर से अधिक के दो शानदार थ्रो किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन अगस्त में भुवनेश्वर में विश्व एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर सिल्वर मीट में आया, जहां उन्होंने 87.68 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता था।

अविनाश साबले पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज में अपने खिताब का बचाव करने उतरेंगे। घुटने की सर्जरी के कारण वह ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा नहीं ले सके थे। वहीं, तजिंदरपाल सिंह तूर की नजरें एशियाई खेलों में लगातार तीसरा स्वर्ण पदक जीतने पर होंगी।

पारुल चौधरी महिलाओं की 5000 मीटर में अपने स्वर्ण पदक का बचाव करेंगी। वह 1500 मीटर और 3000 मीटर स्टीपलचेज में भी हिस्सा लेंगी। 2022 हांगझोऊ एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारत की 4×400 मीटर रिले टीम का हिस्सा रहे राजेश रमेश को भी टीम में जगह मिली है।

बाधा दौड़ की धाविका ज्योति याराजी भी लंबे समय तक चोट से बाहर रहने के बाद प्रतियोगिता में वापसी करेंगी। उन्होंने 2022 एशियाई खेलों में रजत पदक जीता था। लंबी कूद के स्टार मुरली श्रीशंकर भी मजबूत लय के साथ एशियाई खेलों में उतरेंगे। उन्होंने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में अपना दूसरा रजत पदक जीता था।

तेजस्विन शंकर, गुलवीर सिंह, अंसी सोजन, प्रवीण चित्रवेल और विथ्या रामराज भी भारतीय टीम के प्रमुख नामों में शामिल हैं। गुलवीर सिंह ने 2026 राष्ट्रमंडल खेलों में 10,000 मीटर और 5,000 मीटर में दो पदक जीते थे। अंसी सोजन लंबी कूद की राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी हैं, जबकि प्रवीण चित्रवेल और विथ्या रामराज भी हांगझोऊ में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं।

भारत एथलेटिक्स की 50 पदक स्पर्धाओं में से 41 में हिस्सा लेगा। पुरुषों की 110 मीटर बाधा दौड़, चक्का फेंक, हाफ मैराथन रेस वॉक, मैराथन रेस वॉक और 4×100 मीटर रिले में भारत की भागीदारी नहीं होगी। महिलाओं की 100 मीटर, मैराथन, भाला फेंक और हाफ मैराथन रेस वॉक स्पर्धाओं में भी भारत का कोई प्रतिनिधित्व नहीं होगा।