आइची-नगोया, 22 सितंबर । भारत को एशियाई खेलों में मंगलवार को पुरुष टीम टेबल टेनिस के राउंड ऑफ 16 मुकाबले में दक्षिण कोरिया के हाथों 0-3 से हार का सामना करना पड़ा, जिससे महाद्वीपीय प्रतियोगिता में उसका अभियान समाप्त हो गया।
भारत 0-2 से पिछड़ गया था। हरमीत देसाई को जांग वूजिन ने चार गेम में 11-8, 8-11, 7-11, 9-11 से हराया। इसके बाद मनुष शाह ने विश्व रैंकिंग में 23वें स्थान पर काबिज ओ जुनसोंग को कड़ी चुनौती दी, लेकिन पांच गेम के मुकाबले में उन्हें 2-3 से हार मिली। मनुष ने तीसरा गेम 13-11 से जीतकर 2-1 की बढ़त बनाई थी और निर्णायक गेम में भी 4-1 से आगे थे।
हालांकि, ओ जुनसोंग ने वापसी करते हुए निर्णायक गेम जीत लिया। ओ ने मुकाबला 4-11, 11-8, 13-11, 11-13, 11-6 से अपने नाम किया।
भारत को मुकाबले में बनाए रखने की जिम्मेदारी मानव ठक्कर पर थी, जिनका सामना आन जेह्युन से हुआ। मानव ने तीसरा गेम 11-7 से जीतकर वापसी की कोशिश की, लेकिन इससे पहले वह शुरुआती दो गेम 10-12, 6-11 से हार चुके थे।
आन जेह्युन ने चौथा गेम 12-10 से जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। मानव की 10-12, 6-11, 11-7, 10-12 की हार के साथ दक्षिण कोरिया ने मुकाबला 3-0 से जीत लिया और भारत की पुरुष टीम का अभियान समाप्त हो गया।
मंगलवार को एशियाई खेलों में भारत का प्रदर्शन मिश्रित रहा। महिला टेबल टेनिस टीम ने थाईलैंड को 3-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई, जबकि महिला बैडमिंटन टीम को क्वार्टर फाइनल में जापान के हाथों 1-3 से हार मिली।
शूटिंग में पुरुष स्कीट व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन के दूसरे दिन अनंतजीत सिंह नरूका दूसरे, मेराज अहमद खान 23वें और भवतेग सिंह गिल 35वें स्थान पर रहे।
10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम फाइनल में इलावेनिल वलरिवान और पार्थ माने चौथे स्थान पर रहे। मुक्केबाजी में साक्षी चौधरी ने महिलाओं के 51 किलोग्राम राउंड ऑफ 32 में फिलीपींस की आइरा विलागास को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
तलवारबाजी में तनिक्षा खत्री ने महिलाओं की व्यक्तिगत एपी राउंड ऑफ 32 में नटपापट सांगनगियो को हराया।
वहीं, हेमाश सिंह सनासम और सचिन पुरुष व्यक्तिगत फ्लोरेट के राउंड ऑफ 32 में हारकर बाहर हो गए। सॉफ्ट टेनिस में आर्यन ठाकुर और जय मीना ने जीत दर्ज की, जबकि आध्या तिवारी को हार का सामना करना पड़ा।
कबड्डी में भारत की पुरुष टीम ने दक्षिण कोरिया को 63-31 से हराया। सेपकटकरा में भारत को मलेशिया के हाथों 0-3 से हार मिली। तैराकी में आर्यन नेहरा पुरुषों की 1500 मीटर फ्रीस्टाइल फाइनल बी में चौथे स्थान पर रहे, जबकि भारत की 4×100 मीटर मेडले रिले टीम ने फाइनल के लिए क्वालीफाई किया।
वुशु में लैंगलेंटोम्बी देवी हंजाबम महिलाओं की नानछ्वान फाइनल में नौवें स्थान पर रहीं। कराटे में चेतन भट्ट और अलीशा चौधरी को हार का सामना करना पड़ा। घुड़सवारी की ड्रेसेज स्पर्धा में आशीष लिमये 13वें, अर्जन नागरा 23वें और फवाद मिर्जा 26वें स्थान पर रहे।
ई-स्पोर्ट्स में भारत की शकील दानियल पटेल और चिन्मय साहू की जोड़ी ने ग्रुप एफ में उज्बेकिस्तान के खिलाफ 0-0 से ड्रॉ खेला।