पश्चिमी सिंहभूम, 11 जुलाई ।भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान-2026 के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले में बूथ लेवल पदाधिकारी (बीएलओ) अनीता देवी ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-195 पर कार्यरत अनीता देवी ने अपने मतदान केंद्र के सभी गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन निर्धारित समय से पहले पूरा कर लिया है।
इसके साथ ही वह जिले की पहली बीएलओ बन गई हैं, जिन्होंने यह लक्ष्य समय से पूर्व हासिल किया। उनके उत्कृष्ट कार्य को देखते हुए राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले बीएलओ की सूची में भी उनका नाम शामिल किया गया है।
इस उपलब्धि पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने अनीता देवी को बधाई देते हुए कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि अनीता देवी ने अपने समर्पण, जिम्मेदारी और समयबद्ध कार्यशैली से अन्य बीएलओ और सुपरवाइजरों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। उपायुक्त ने इस सफलता के लिए चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र की निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी को भी बधाई दी।
उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज करना और मतदाता सूची को अद्यतन, त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाना है। निर्वाचन आयोग की ओर से 12 जुलाई तक गणना प्रपत्रों के वितरण एवं 20 जुलाई 2026 तक सभी गणना प्रपत्रों के 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला प्रशासन इस कार्य की नियमित निगरानी कर रहा है ताकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी प्रक्रियाएं पूरी की जा सकें।
उपायुक्त ने जिले के सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सुपरवाइजरों और बीएलओ से पूरी जिम्मेदारी और सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी घोषणा की कि जिले में सबसे पहले शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा करने वाले शीर्ष 10 बीएलओ और सुपरवाइजरों को जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा।
उप निर्वाचन पदाधिकारी बंधन लॉन्ग ने बताया कि निर्वाचन कार्य में लगे सभी बीएलओ और सुपरवाइजरों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मानसून के मौसम को देखते हुए उन्हें बरसाती, छाता सहित अन्य जरूरी सामग्री भी उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण अभियान के प्रत्येक चरण की लगातार समीक्षा की जा रही है और आयोग निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है।