कोलंबो, 25 अगस्त । प्रसिद्ध कृष्णा और मानव सुथार के तीन-तीन विकेट की शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन मंगलवार को अपनी पकड़ मजबूत कर ली। दिन का खेल बारिश और खराब रोशनी के कारण जल्दी समाप्त होने तक श्रीलंका ने आठ विकेट पर 265 रन बनाए और वह भारत से 238 रन पीछे है। सोनल दिनूषा 85 और लाहिरू कुमारा आठ रन बनाकर नाबाद हैं।
दिन की शुरुआत श्रीलंका ने दो विकेट पर आठ रन से की। कामिल मिशारा और पसिंदु सोरियाबंदारा ने सकारात्मक शुरुआत की, लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा ने मिशारा को 19 रन पर आउट कर भारत को तीसरी सफलता दिलाई। इसके बाद सोरियाबंदारा और कामिंदु मेंडिस ने 87 रन की साझेदारी कर श्रीलंका को संभाला।
शुभमन गिल ने प्रसिद्ध कृष्णा को दोबारा गेंदबाजी पर लगाया और उन्होंने लंच से पहले कामिंदु मेंडिस को 32 रन पर आउट कर दिया। इसके बाद सोरियाबंदारा ने अपना पहला टेस्ट अर्धशतक पूरा किया, लेकिन मानव सुथार ने धनंजय डी सिल्वा को आउट कर भारत को महत्वपूर्ण सफलता दिलाई।
रवींद्र जडेजा ने सोरियाबंदारा की 80 रन की पारी का अंत किया, जबकि मोहम्मद सिराज ने निरोशन डिकवेला को खाता खोले बिना पवेलियन भेज दिया। 173 रन पर सात विकेट गंवाने के बाद दिनूषा ने केशरा नुवांथा के साथ 57 रन की साझेदारी कर श्रीलंका को संकट से उबारा।
मानव सुथार ने नुवांथा को 18 रन पर आउट किया, लेकिन दिनूषा ने लाहिरू कुमारा के साथ मिलकर भारतीय गेंदबाजों का डटकर सामना किया। खराब रोशनी और बारिश के कारण 83.4 ओवर के बाद खेल रोकना पड़ा।
संक्षिप्त स्कोर: भारत 503/9 घोषित; श्रीलंका 265/8 (सोनल दिनूषा 85*, पसिंदु सोरियाबंदारा 80; प्रसिद्ध कृष्णा 3/47, मानव सुथार 3/83), भारत से 238 रन पीछे।