जींद, 11 जून । जुलाना थाना पुलिस ने आढ़ती से धान फसल खरीद कर चार करोड़ रुपये हड़पने पर दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जुलाना की नई अनाज मंडी के आढ़ती प्रदीप कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी फर्म एमएसएमई से रजिस्ट्रड है। उसकी फर्म फसलों की खरीद व फरोख्त करती है। दो जनवरी 2024 को उसका फर्म पर अमित मोर तथा सुरेंद्र मोर उसकी दुकान पर आए। दोनों ने कहा कि मैसर्ज बीएवी राइस मिल के नाम से निसिंग (करनाल) में उसकी फर्म है। वे उसकी दुकान से धान फसल खरीदना चाहते हंै। सब कुछ तय हाने के बाद उन्होंने 23 जनवरी 2024 से धान फसल भेजना शुरू कर दिया। शुरूआत में फर्म ने बची गई धान राशि का भुगतान ठीक किया। जिसके बाद आरोपितों ने कहा कि धान भेजते रहो।
चार-पांच माह में आपकी पेमेंट एक साथ कर दी जाएगी। जिसके चलते उसकी चार करोड़ की पेेमेंट आरोपितों की तरफ अटक गई। जब उसने आरोपितों से चार करोड़ रुपये की पेमेट मांगी तो आरोपित टाल-मटोल करने लगे। जब उसने राशि के लिए दबाव डाला तो आरोपितों ने राशि देने से मना कर दिया और बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। गुरूवार को जानकारी देते हुए जुलाना थाना के जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने आढ़ती प्रदीप की शिकायत पर राइस मिल फर्म के मालिक अमित मोर, सुरेंद्र मोर के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।