रामगढ़, 29 जुलाई । रामगढ़ थाना क्षेत्र के न्यू बगीचा स्थित दामोदर नदी के किनारे चाकू से गोद कर एक युवक की हत्या कर दी गई। बुधवार की सुबह शव मिलने की ख़बर से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
डीएसपी हेडक्वार्टर अकरम राजा ने बताया कि दामोदर नदी जाने वाली पीसीसी पथ के किनारे बुधवार की सुबह खून से लथपथ एक शव मिला है। मृतक की पहचान झंडा चौक, कुम्हार टोली निवासी सुमित अग्रवाल, पिता स्व संतोष अग्रवाल के रूप में हुई है। युवक की तेज धारदार चाकू से मारकर हत्या की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे सहित फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार सुमित अग्रवाल मंगलवार शाम करीब सात बजे से अपने घर से लापता था। परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिलने के कारण उसका कोई पता नहीं चल सका। बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने न्यू बगीचा दामोदर नदी रोड किनारे खून से लथपथ शव देखा और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
मुख्यालय डीएसपी अकरम राजा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। युवक की हत्या किसी तेज धारदार हथियार (चाकू) से की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही घटना के खुलासे की उम्मीद जताई है।