नारनौलः अटेली रेलवे स्टेशन पर सुविधाएं बढ़ाने को सौंपा ज्ञापन

Share

नारनाैल, 11 जून । जिले के अटेली मंडी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर गुरूवार को दैनिक रेलयात्री जागरूक मंच के पदाधिकारियों ने स्टेशन अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। मंच ने स्टेशन पर आरक्षण टिकट खिड़की, अतिरिक्त टीन शेड और सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग उठाते हुए यात्रियों की समस्याओं से अवगत कराया।

मंच के प्रधान अशोक कटारिया ने बताया कि अटेली रेलवे स्टेशन क्षेत्र का महत्वपूर्ण स्टेशन है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आवाजाही करते हैं। उन्होंने कहा कि स्टेशन पर रुणिचा एक्सप्रेस, चेतक एक्सप्रेस तथा टनकपुर-दोराई एक्सप्रेस सहित कई आरक्षित ट्रेनें रुकती हैं, लेकिन इसके बावजूद यहां आरक्षित टिकट खिड़की की सुविधा उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों, महिलाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ज्ञापन में स्टेशन पर टीन शेड की कमी का मुद्दा भी उठाया गया। मंच पदाधिकारियों ने बताया कि गर्मी और बरसात के मौसम में यात्रियों को प्लेटफार्म पर पर्याप्त छाया नहीं मिलती। उन्होंने प्लेटफार्म के दोनों छोरों तथा जनरल कोच के ठहराव वाले स्थानों के पास अतिरिक्त टीन शेड बनवाने की मांग की, ताकि यात्रियों को मौसम की मार से राहत मिल सके। इसके अलावा स्टेशन परिसर में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था नहीं होने पर भी चिंता जताई गई।