राजस्व महाअभियान के तहत विशेष शिविर शुरू, 25 हजार लंबित आवेदनों के निष्पादन में जुटा प्रशासन

Share

सुपौल, 11 जून । राजस्व महाअभियान के तहत पूर्व में प्राप्त लंबित आवेदनों के निष्पादन के लिए गुरुवार से विशेष शिविर का शुभारंभ किया गया।

प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर स्थित एलएन सभागार में आयोजित शिविर का शुभारंभ सीओ राकेश कुमार और राजस्व अधिकारी मो. अजमेरी अंसारी की मौजूदगी में हुआ। शिविर में राजस्व कर्मचारी, सर्वे अमीन और अन्य कर्मी लंबित आवेदनों की स्कैनिंग और पोर्टल पर अपलोडिंग के कार्य में जुटे रहे।

सीओ राकेश कुमार ने बताया कि राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के निर्देशानुसार यह विशेष शिविर 11 जून से 17 जून तक संचालित होगा। पूर्व में आयोजित राजस्व महाअभियान के दौरान प्राप्त करीब 25 हजार आवेदन अभी निष्पादन की प्रक्रिया में लंबित हैं। इनमें डिजिटल जमाबंदी में त्रुटि सुधार, छूटी हुई जमाबंदियों को ऑनलाइन करना, उत्तराधिकार नामांतरण तथा बंटवारा आधारित नामांतरण जैसे मामलों से जुड़े आवेदन शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि सभी आवेदनों की स्कैनिंग और पोर्टल पर अपलोडिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसके बाद प्रत्येक आवेदन का क्रमवार निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। विशेष शिविर की सफलता के लिए संबंधित कर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर उनकी जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं और कार्यों की दैनिक समीक्षा भी की जाएगी।

सीओ ने कहा कि जिला प्रशासन भी शिविर की लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है। ऐसे में भू-स्वामियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और अभियान के उद्देश्यों की पूर्ति को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।